Uttar Pradesh : हापुड़ में पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश श्याम ढेर, एक सिपाही घायल

Hapur : थाना देहात और थाना हापुड़ नगर की संयुक्त पुलिस टीम की चेकिंग के दौरान बदमाश से मुठभेड़ हो गई। आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश ढेर हो गया। 18 और 19 जून 2026 की रात को थाना हापुड़ नगर पुलिस टीम बुलंदशहर रोड पर चेकिंग कर रही थी तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा करते हुए मसैज फ्लैश किया तो हापुड़ देहात पुलिस टीम ने ग्राम गोदी की तरफ से बदमाश को घेर लिया।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि दोनों तरफ से घिरता देख बदमाश ने ट्यूबवेल की आड़ लेकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए सीएससी नगर भेजा जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से एक अवैध पिस्टल मय जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक स्पलेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
उन्होंने बताया कि मृतक बदमाश की पहचान श्याम पुत्र वीरेन्द्र निवासी सूरजपुर थाना पटवाई जनपद रामपुर के रूप में हुई है। श्याम एक जून 2026 को थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में मोहल्ला गिरधारीनगर निवासी व्यापारी के परिवार और चौकीदार को बंधक बनाकर लूटपाट की घटना में वांछित था। इस संबंध में थाना हापुड़ देहात पर मुकदमा अपराध संख्या 234/2026 धारा 310(2), 311, 317(3), 61(2) बीएनएस पंजीकृत है और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल मनोज कुमार घायल हुए हैं जिनका उपचार सीएससी नगर में चल रहा है। मृतक बदमाश के खिलाफ जनपद मुरादाबाद में डकैती और गैंगस्टर एक्ट के अभियोग पहले से पंजीकृत थे।





