राज्यउत्तर प्रदेशराज्य

Uttar Pradesh : बुलंदशहर दौरे पर नसीमुद्दीन सिद्दीकी, 2027 चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने का आह्वान

Bulandshar News (अवनीश त्यागी) : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने गुरुवार को बुलंदशहर जनपद का दौरा कर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ व्यापक मंथन किया। इस दौरान उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी मोड में जुट जाने का आह्वान किया।

सिद्दीकी का यह दौरा उनके अभियान का 56वां जिला रहा, जहां वे लगातार पार्टी की स्थिति को सुदृढ़ करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण को और मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझने और उन्हें समाधान देने की दिशा में कार्य कर रही है।

इस दौरान नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी सवाल उठाते हुए इसे जुमलेबाजी करार दिया। उन्होंने कहा कि जब तक यह कानून पूरी तरह से लागू नहीं होता, तब तक इस पर भरोसा करना मुश्किल है। उन्होंने सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि जनता से जुड़े अहम मुद्दों की अनदेखी की जा रही है।

दौरे के दौरान सिद्दीकी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जितेन्द्र यादव, जिला अध्यक्ष मतलूब अली समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button