उत्तर प्रदेशराज्य

Greater Noida Lift Incident: हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में 30 मिनट तक फंसी रहीं चार बच्चियां, हनुमान चालीसा पढ़कर बढ़ाया हौसला

Greater Noida Lift Incident: हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट में 30 मिनट तक फंसी रहीं चार बच्चियां, हनुमान चालीसा पढ़कर बढ़ाया हौसला

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक हाईराइज सोसाइटी में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक लिफ्ट अचानक बीच में अटक गई और उसमें चार बच्चियां फंस गईं। करीब 30 मिनट तक लिफ्ट में फंसी रहीं बच्चियों ने घबराने के बजाय हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। इस दौरान का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित गैलेक्सी वेगा (Galaxy Vega) सोसाइटी की है। सोमवार रात चार बच्चियां लिफ्ट से अपने फ्लोर पर जा रही थीं, तभी अचानक लिफ्ट बीच रास्ते में रुक गई। कुछ देर के लिए लिफ्ट के अंदर अंधेरा भी छा गया, जिससे बच्चियां काफी डर गईं।

हालांकि कुछ ही समय बाद लिफ्ट की लाइटें दोबारा जल गईं, लेकिन लिफ्ट चालू नहीं हुई। करीब आधे घंटे तक बच्चियां लिफ्ट के अंदर ही फंसी रहीं। डर और घबराहट के माहौल में उन्होंने एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हुए हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही सोसाइटी के लोग और मेंटेनेंस टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर चारों बच्चियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी बच्ची को कोई शारीरिक चोट नहीं आई।

सोसाइटी के निवासियों ने आरोप लगाया कि यहां की लिफ्टों में तकनीकी खराबी की शिकायतें पहले भी कई बार सामने आ चुकी हैं। उनका कहना है कि लिफ्टों का रखरखाव ठीक तरीके से नहीं किया जा रहा, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रबंधन से नियमित सुरक्षा जांच और समय पर मेंटेनेंस कराने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में चारों बच्चियां लिफ्ट के अंदर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो सामने आने के बाद लोग बच्चियों की सूझबूझ और हिम्मत की सराहना कर रहे हैं, वहीं सोसाइटी की लिफ्ट सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button