Cyber Fraud: साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 लोगों पर केस, ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत बड़ी कार्रवाई
Cyber Fraud: साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 लोगों पर केस, ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत बड़ी कार्रवाई
गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने ऑपरेशन साइबर वज्र के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर अपराधियों को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 14 लोगों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि इन बैंक खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी से हासिल रकम को एक खाते से दूसरे खाते में ट्रांसफर करने के लिए किया जा रहा था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई साइबर मुख्यालय से प्राप्त इनपुट और नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर दर्ज शिकायतों के आधार पर की गई। जांच के दौरान कई संदिग्ध बैंक खातों के लेनदेन का विश्लेषण किया गया, जिसमें पुष्टि हुई कि इन खातों का उपयोग साइबर अपराधों से प्राप्त धनराशि के लेनदेन में किया जा रहा था।
जांच के बाद थाना एक्सप्रेसवे पुलिस ने सरस मुकुंद के नाम से संचालित बैंक खाते के खिलाफ कार्रवाई की। इस खाते के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज थीं। थाना सेक्टर-24 पुलिस ने इंडसइंड बैंक के एक खाते के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जिसके खिलाफ 44 साइबर शिकायतें मिली थीं। इसी थाने में एक अन्य खाते के खिलाफ भी 9 शिकायतें मिलने पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा थाना सेक्टर-39 पुलिस ने तीन खाताधारकों के साथ सरिता देवी और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज किया। थाना सेक्टर-49 पुलिस ने एसबीआई के एक खाते और अमित कुमार के खिलाफ फर्जी तरीके से बैंक खाता खुलवाने के आरोप में कार्रवाई की। वहीं थाना फेस-1 पुलिस ने सौरभ, शुभम जायसवाल और अनिकेत मिश्रा, थाना सेक्टर-113 पुलिस ने सुलोचना देवी तथा थाना सेक्टर-126 पुलिस ने दो अन्य खाताधारकों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए हैं।
पुलिस अब सभी बैंक खातों के लेनदेन, धन के स्रोत और साइबर अपराधियों से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे और लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।