Hindu Rao Hospital: हिंदूराव अस्पताल में डॉक्टर को CNO बनाने पर विवाद, नर्सिंग फेडरेशन ने उठाए सवाल
Hindu Rao Hospital: हिंदूराव अस्पताल में डॉक्टर को CNO बनाने पर विवाद, नर्सिंग फेडरेशन ने उठाए सवाल
नई दिल्ली। दिल्ली के हिंदूराव अस्पताल में नर्सिंग कैडर की जिम्मेदारी एक डॉक्टर को सौंपे जाने के फैसले पर विवाद गहरा गया है। ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फेडरेशन (AIGNF) ने अस्पताल प्रशासन के इस निर्णय का विरोध करते हुए इसे नर्सिंग पेशे की गरिमा और स्थापित नियमों के खिलाफ बताया है।
फेडरेशन का कहना है कि अस्पताल के आदेश संख्या 7414/HRH/2026 के तहत चीफ नर्सिंग ऑफिसर (CNO) की जिम्मेदारी अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक को सौंप दी गई है, जबकि यह पद केवल प्रशिक्षित और पंजीकृत नर्सिंग अधिकारी के लिए निर्धारित है।
संगठन के अनुसार अस्पताल में कई योग्य सहायक और उप नर्सिंग अधीक्षक मौजूद हैं, इसके बावजूद डॉक्टर को यह जिम्मेदारी देना न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि नर्सिंग प्रशासनिक व्यवस्था को भी कमजोर करता है।
फेडरेशन की महासचिव अनीता पंवार और अध्यक्ष रिंकी डांग ने स्वास्थ्य सचिव, एमसीडी और स्वास्थ्य मंत्रालय सहित संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
फेडरेशन का कहना है कि नर्सिंग एक स्वतंत्र और पेशेवर सेवा है, जिसकी कमान गैर-नर्सिंग अधिकारी को सौंपना मरीजों की सुरक्षा, जवाबदेही और नर्सिंग पेशे की स्वायत्तता पर भी सवाल खड़े करता है।




