Delhi NCR Theft: दिल्ली-एनसीआर में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को निशाना बनाने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 10 लाख का माल बरामद

Delhi NCR Theft: दिल्ली-एनसीआर में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को निशाना बनाने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, 10 लाख का माल बरामद
नोएडा। फेज-1 थाना पुलिस ने कार से रेकी कर दिल्ली-एनसीआर में इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के शटर में जैक लगाकर चोरी करने वाले दो शातिर बदमाशों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से मास्टर चाबी समेत करीब 10 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी अब तक 50 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि फेज-1 थाना पुलिस सेक्टर-5 क्षेत्र में वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार आती दिखाई दी। जब पुलिस ने कार को रोकने का इशारा किया तो चालक कार मोड़कर फरार होने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर हरौला कट के पास कार को पकड़ लिया और दोनों सवारों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सर्दियों में कोहरे का फायदा उठाकर रात के समय दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद वे इलेक्ट्रॉनिक दुकानों के शटर में वाहन का जैक लगाकर शटर ऊपर उठाते और मास्टर चाबी से ताले खोलकर कीमती सामान चोरी कर लेते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी आरिफ उर्फ चंकी और बिजनौर निवासी सोनू उर्फ जाकिर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जाकिर वर्ष 2020 से चोरी की घटनाओं में संलिप्त है और कई बार जेल जा चुका है। उसकी मुलाकात करीब चार वर्ष पहले आरिफ से हुई थी। दोनों वर्तमान में दिल्ली में रहकर कार से रेकी करते थे और फिर चोरी की योजना बनाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का सरगना जाकिर आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। स्कूल छोड़ने के बाद उसने गैराज और अन्य छोटे-मोटे काम किए। दिल्ली आने के बाद उसने पहली चोरी गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में की थी, जहां उसके खिलाफ पहला मामला दर्ज हुआ था। वहीं, आरिफ दसवीं पास है। दोनों दिन में कार से सवारी ढोने का काम भी करते थे और रात में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खासतौर पर इलेक्ट्रॉनिक दुकानों को निशाना बनाते थे, क्योंकि वहां मौजूद सामान आसानी से और महंगे दामों पर बिक जाता है। हथौड़े और नकली चाबी से शटर का लॉक तोड़कर जैक लगाते थे। इसके बाद एक आरोपी दुकान के अंदर घुसकर महंगे उपकरण बाहर निकालता था और दोनों मिलकर सामान कार में रखकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 नकली चाबियां, दो हथौड़े, लोहे की रॉड, छैनी, कार का जैक, प्लास, छह बैटरियां, 220 मीटर केबल, सात क्लच प्लेट, चार वाहन शॉकर, लोहे की सरिया, करीब डेढ़ किलो तांबा और दो चाकू बरामद किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त करने वालों की तलाश कर रही है
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





