Uttar Pradesh : हापुड़ में दिल्ली पुलिस के सिपाही से मारपीट, जमीन विवाद में भाई समेत चार पर मुकदमा दर्ज

Hapur : जनपद हापुड़ में थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर निवासी दिल्ली पुलिस के सिपाही मनोज शर्मा ने जमीन नाम कराने की बात पर अपने भाई समेत चार लोगों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है। आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर जमीन पर भी गिरा दिया। पुलिस ने सिपाही की तहरीर पर उनके भाई समेत चार व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

मनोज शर्मा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह पिछले कई वर्षों से दिल्ली पुलिस में कार्यरत हैं। वर्ष 2012 में उन्होंने अपने सगे भाई राजकुमार शर्मा के पुत्र को ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाने के लिए अपने जीपीएफ से निकालकर 15 लाख रुपये दिए थे। इसके एवज में उनके भाई ने उन्हें एक बीघा पक्का जमीन देने का वादा किया था। उनके बड़े भाई ताराचंद से जमीन बंटवारे को लेकर न्यायालय में वाद भी चल रहा है।

आरोप है कि ताराचंद ने राजकुमार को उनके खिलाफ भड़का दिया। 22 जून की रात करीब पौने नौ बजे कार में सवार होकर भाई ताराचंद, भतीजा राहुल उर्फ सोनू, कपिल उर्फ मोनू और एक अज्ञात व्यक्ति उनके घर के बाहर पहुंचे और गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे। घर के बाहर आने पर उन्होंने और उनकी पत्नी ने आरोपियों की वीडियो बनाने का प्रयास किया। इस पर आरोपियों ने उनका फोन छीनकर जमीन पर पटक दिया। इसके बाद आरोपियों ने अभद्रता करते हुए धक्का देकर उन्हें जमीन पर गिरा दिया। शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उन्हें आरोपियों से बचाया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर तीन नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img