Noida: सूरजपुर और रबूपुरा में दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

Noida: सूरजपुर और रबूपुरा में दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
नोएडा के सूरजपुर और रबूपुरा थाना क्षेत्रों में दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मामलों में पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
सूरजपुर थाना क्षेत्र में रविवार को क्राउन प्लाजा होटल के पास करीब 20 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल के पास एक खंडहरनुमा मकान है, जहां अक्सर कुछ लोग नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक दीवार फांदते समय गिर गया होगा, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई। हालांकि पुलिस हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है और सभी एंगल से जांच की जा रही है।
वहीं रबूपुरा थाना क्षेत्र के अनवरगंज गांव के पास करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया अधिक मात्रा में नशीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की आशंका है। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी दोनों शवों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शवों की पहचान के बाद ही स्पष्ट होगा कि दोनों मामलों में मौत हादसा, आत्महत्या या हत्या का परिणाम है। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।





