Noida Crime: सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी

Noida Crime: सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी

नोएडा के फेज-वन थाना क्षेत्र में स्थित सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पास सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क किनारे शव पड़े होने की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है तथा पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर सूचना मिली कि सेक्टर-16 मेट्रो स्टेशन के पिलर नंबर-37 के पास एक व्यक्ति सड़क किनारे पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि मृतक अक्सर इसी इलाके में घूमता हुआ दिखाई देता था। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं, जिससे मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन मृतक की पहचान से जुड़ी कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी।

पुलिस का कहना है कि शव के पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है। इसलिए शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड का भी मिलान किया जा रहा है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img