उत्तर प्रदेशराज्य

Noida City Bus: आधे रास्ते से बस लौटाने वाले चालकों पर होगी कार्रवाई, निगरानी बढ़ी

Noida City Bus: आधे रास्ते से बस लौटाने वाले चालकों पर होगी कार्रवाई, निगरानी बढ़ी

नोएडा में सिटी बस सेवा को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद परिवहन निगम ने सख्त रुख अपनाया है। अब यदि कोई चालक यात्रियों की कमी का हवाला देकर बस को निर्धारित अंतिम स्टॉप तक ले जाने के बजाय बीच रास्ते से वापस मोड़ता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विभिन्न रूटों पर निगरानी टीमें तैनात की जा रही हैं।

परिवहन विभाग के अनुसार कई यात्रियों ने शिकायत की थी कि बॉटनिकल गार्डन से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाली बसें दनकौर तक पहुंचने के बाद यात्रियों की संख्या कम होने पर वापस लौट जाती हैं। इससे आगे के स्टॉप पर इंतजार कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

इसी तरह परी चौक समेत अन्य मार्गों पर भी ऐसी शिकायतें सामने आई हैं। यात्रियों का कहना है कि बसों के समय पर अंतिम स्टॉप तक नहीं पहुंचने से उन्हें लंबे समय तक अगली बस का इंतजार करना पड़ता है।

परिवहन निगम ने अब निर्णय लिया है कि जिन मार्गों पर शिकायतें अधिक मिली हैं, वहां ट्रैफिक इंस्पेक्टर (टीआई) और अन्य अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। वे बसों की आवाजाही पर नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बस निर्धारित रूट पूरा किए बिना वापस न लौटे।

इसके अलावा यदि कोई बस तय समय से पहले डिपो लौटती है तो संबंधित चालक और परिचालक से जवाब मांगा जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) राजेश कुमार ने बताया कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए बसों की नियमित निगरानी की जाएगी और सभी चालकों को निर्धारित रूट का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Back to top button