Uttar Pradesh : ग्रेटर नोएडा में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप, पति और ससुर गिरफ्तार

Greater Noida : ग्रेटर नोएडा के थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र स्थित जलपुरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज 14 महीने बाद 24 वर्षीय दीपिका नागर की मौत होने से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिवार ने ससुरालवालों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच आगे बढ़ा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार कूड़ी खेड़ा गांव निवासी संजय नागर ने करीब डेढ़ साल पहले अपनी बेटी दीपिका की शादी जलपुरा गांव निवासी ऋतिक, पुत्र मनोज प्रधान के साथ की थी। परिवार का कहना है कि शादी बेहद धूमधाम से की गई थी और इसमें करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू हो गई। दीपिका पर लगातार फॉर्च्यूनर कार और 50 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

मृतका के परिवार का आरोप है कि दीपिका की सुनियोजित तरीके से हत्या की गई। उनका कहना है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए। जब परिवार अस्पताल पहुंचा तो दीपिका मृत अवस्था में मिली। परिजनों का दावा है कि दीपिका के शरीर पर चोट के कई निशान थे, जिससे मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का प्रतीत होता है। परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

घटना की खबर फैलते ही अस्पताल और गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मृतका की मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि दीपिका कई बार फोन पर अपने साथ हो रही प्रताड़ना की जानकारी देती थी, लेकिन परिवार और समाज की मर्यादा के चलते वह सब कुछ सहती रही।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला दहेज उत्पीड़न से परेशान होकर आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस का कहना है कि महिला ने कथित तौर पर छत से कूदकर जान दी। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल कॉल डिटेल और परिवार के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img