राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida Crime: नॉलेज पार्क पुलिस ने दो मोबाइल स्नैचर दबोचे, 25 लूटे गए मोबाइल, अवैध तमंचा और फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक बरामद

Greater Noida Crime: नॉलेज पार्क पुलिस ने दो मोबाइल स्नैचर दबोचे, 25 लूटे गए मोबाइल, अवैध तमंचा और फर्जी नंबर प्लेट वाली बाइक बरामद

नोएडा। ग्रेटर नोएडा की नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 25 छीने गए मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट लगी एक अपाचे मोटरसाइकिल और एक अवैध तमंचा बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से बाइक पर सवार होकर राह चलते लोगों से मोबाइल फोन छीनने की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह करीब आठ बजे ग्राम गुर्जरपुर रेलवे अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान रबूपुरा के तीर्थली गांव निवासी फैजान पठान और बुलंदशहर के ककोड़ निवासी फरमान के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि नॉलेज पार्क क्षेत्र में पिछले कुछ समय से मोबाइल स्नैचिंग की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। घटनाओं के तरीके को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक लगातार अलग-अलग घटनास्थलों पर दिखाई दिए। इसी आधार पर उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की गई।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी तेज रफ्तार बाइक से राहगीरों के हाथ से मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो जाते थे। बाद में महंगे मोबाइल फोन बेहद कम कीमत पर बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छीने गए मोबाइल किन लोगों को बेचे जाते थे और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

Related Articles

Back to top button