राज्यहरियाणा

Haryana CM on Budget: केंद्रीय बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

Haryana CM on Budget: केंद्रीय बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक दस्तावेज – मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

रिपोर्ट: कोमल रमोला

पंचकूला, 1 फरवरी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संसद में पेश किए गए केंद्रीय आम बजट को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला ऐतिहासिक और दूरदर्शी दस्तावेज बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट जनहित और अंत्योदय की भावना से प्रेरित है तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य को मजबूती देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट हरियाणा जैसे औद्योगिक और प्रगतिशील राज्य के लिए उत्साहजनक है और इससे युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।

मुख्यमंत्री पंचकूला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण भी देखा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बजट का मूल मंत्र रफ्तार, क्षमता और सबका साथ है। रफ्तार का अर्थ आर्थिक विकास की गति को बढ़ाना, क्षमता का मतलब लोगों की प्रतिभा को निखारना और सबका साथ का आशय हर वर्ग को समान अवसर प्रदान करना है।

उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत की लगभग 7 प्रतिशत विकास दर प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व का प्रमाण है। बजट का तीन आयामी दृष्टिकोण—आर्थिक विकास, आकांक्षाओं की पूर्ति और सर्वसमावेशी भागीदारी—देश के हर वर्ग को सशक्त बनाएगा।

मुख्यमंत्री ने वित्त वर्ष 2027 के लिए 12.2 लाख करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे हरियाणा में इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। एमएसएमई क्षेत्र के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान फरीदाबाद, गुरुग्राम और पानीपत जैसे औद्योगिक केंद्रों के लिए लाभकारी सिद्ध होगा। इससे प्रदेश में निवेश बढ़ेगा और युवाओं के लिए रोजगार के व्यापक अवसर तैयार होंगे।

Haryana Budget Reaction, Nayab Singh Saini, Central Budget _

उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया मिशन पर जोर दिए जाने से हरियाणा के खिलाड़ियों को नई ऊर्जा मिलेगी। 15 पुरातात्विक स्थलों के विकास की योजना से राखीगढ़ी सहित प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहरों को वैश्विक पहचान मिलेगी। एआई और क्वांटम मिशन में निवेश से गुरुग्राम को ग्लोबल टेक हब के रूप में और मजबूती मिलेगी।

कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम है। कृषि आवंटन में वृद्धि और लवणीय व जलभराव वाली भूमि के सुधार के लिए केंद्रीय सहायता हरियाणा के किसानों के लिए वरदान साबित होगी। स्टार्टअप्स के लिए ‘फंड ऑफ फंड्स’ और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब की स्थापना से प्रदेश के युवाओं को नई संभावनाएं मिलेंगी। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लॉजिस्टिक्स हब और बुनियादी ढांचे में निवेश से हरियाणा में औद्योगिक विस्तार को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में टेक्सटाइल पार्क, 7 हाई स्पीड रेल कॉरिडोर, टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास के लिए 11.4 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान तथा वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट योजना को बढ़ावा दिया गया है। रक्षा क्षेत्र में बेसिक कस्टम ड्यूटी में छूट और कैंसर सहित गंभीर बीमारियों की दवाओं पर राहत आमजन के लिए बड़ी राहत है। सोलर ऊर्जा से जुड़ी वस्तुएं, ईवी बैटरी, चमड़े के उत्पाद, मोबाइल बैटरी और अन्य उपभोक्ता वस्तुएं सस्ती होने से लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने कहा कि यह बजट भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में निर्णायक कदम है और हरियाणा सरकार इसके प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा शिवालिक विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश देवीनगर, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी के प्रकटोत्सव पर सेक्टर-15 स्थित श्री गुरु रविदास भवन में मत्था टेककर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button