Hapur News : नगर कोतवाली क्षेत्र में मेरठ रोड स्थित पुलिस लाइन के पास कांवड़ झांकी देखने आईं दो सगी बहनें भीड़ में अपनी बड़ी बहन से बिछड़ गईं और सड़क पर भटकने लगीं। पुलिस की सतर्कता से दोनों बच्चियां सकुशल अपने पिता से मिल गईं।
जानकारी के अनुसार गांव असौड़ा निवासी राकेश कुमार की बेटियां जानवी 8 वर्ष और मानवी 6 वर्ष सोमवार रात अपनी बड़ी बहन मानसी के साथ मेरठ रोड पर पुलिस लाइन के पास कांवड़ झांकी देखने गई थीं। गांव के कुछ कांवड़िये हरिद्वार से बड़ी कांवड़ लेकर उसी जगह पहुंचे थे। झांकी के दौरान भीड़ में दोनों बच्चियां बड़ी बहन से अलग हो गईं। काफी तलाश के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो वे मेरठ रोड पर इधर-उधर भटकती रहीं।
इसी दौरान कांवड़ यात्रा और श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात सदर कोतवाल मनीष चौहान और साइलो द्वितीय चौकी प्रभारी आशीष रस्तोगी की नजर उन पर पड़ी। पुलिस टीम ने दोनों बच्चियों को चौकी लाकर पूछताछ की और उन्हें बिस्कुट व केला दिया। बच्चियों ने अपना नाम, पता और पिता का मोबाइल नंबर बताया। इसके बाद पुलिस ने राकेश कुमार को फोन कर सूचना दी और उन्हें चौकी बुलाया।
चौकी पहुंचे पिता राकेश को पुलिस ने दोनों बच्चियां सुपुर्द कर दीं। बेटियों को सुरक्षित पाकर पिता ने पुलिस का आभार जताया और कोतवाल व चौकी प्रभारी की तत्परता की सराहना की।



