Bihar : आय से अधिक संपत्ति के आरोप में बांका के कार्यपालक अभियंता के चार ठिकानों पर निगरानी इकाई की छापेमारी

Patna (मृत्युंजय) : बिहार सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तहत विशेष निगरानी इकाई ने लघु जल संसाधन विभाग बांका प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता हरेन्द्र कुमार के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में उनके चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।

इस संबंध में विशेष निगरानी इकाई ने कांड संख्या 23/2026 दिनांक 09.08.2026 दर्ज किया था। इसके अगले दिन 10.08.2026 को इकाई की टीमों ने छापेमारी शुरू की। कार्रवाई का उद्देश्य आरोपी द्वारा अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति के साक्ष्य जुटाना और उनके वित्तीय लेनदेन की गहन जांच करना था।

तलाशी के लिए पटना के महावीर नगर स्थित जनक नंदिनी अपार्टमेंट का फ्लैट नंबर 307, बेउर चौराहे पर स्थित छह मंजिला मकान, वैशाली जिले के पातेपुर थाना अंतर्गत ग्राम सिमरवारा और बांका स्थित लघु जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता कार्यालय को चुना गया। सभी स्थानों पर निगरानी इकाई के अधिकारियों ने दस्तावेजों, बैंक संबंधी कागजातों, संपत्ति के कागजातों और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों की जांच की।

विशेष निगरानी इकाई ने बताया कि तलाशी के दौरान प्राप्त होने वाली सामग्री और साक्ष्यों का विधिवत विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। बरामदगी के संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है और विभाग ने कहा है कि तलाशी के परिणाम की सूचना उचित समय पर दी जाएगी।

अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश जाता है कि पद का दुरुपयोग कर अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img