PM Internship Scheme: माई भारत प्लेटफॉर्म से करीब एक लाख युवाओं ने पीएम इंटर्नशिप योजना से जोड़ा कदम
नई दिल्ली। देश के युवाओं को रोजगार, कौशल विकास और उद्योग जगत से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना को लगातार बेहतर प्रतिक्रिया मिल रही है। मेरा युवा भारत (माई भारत) डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अब तक 98,632 युवाओं ने योजना के पोर्टल तक पहुंचकर इंटर्नशिप के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू की है। सरकार का मानना है कि यह पहल युवाओं को व्यावहारिक अनुभव देने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
राज्यसभा में दी गई जानकारी के अनुसार माई भारत और कॉरपोरेट कार्य मंत्रालय संयुक्त रूप से देशभर में जागरूकता अभियान और विशेष इंटर्नशिप कैंप आयोजित कर रहे हैं। चेन्नई, पुणे और दंतेवाड़ा जैसे शहरों में आयोजित इन कैंपों में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और योजना के प्रति उत्साह दिखाया।
सरकार का कहना है कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के माध्यम से युवाओं को उद्योगों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी व्यावहारिक समझ, कौशल और रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। यह पहल ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।



