Uttar Pradesh : हापुड़ में प्रेमी युगल ने ससुराल पक्ष से जताई हत्या की आशंका, एसपी से लगाई गुहार

Hapur : हापुड़ में थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के रहने वाले एक प्रेमी युगल ने ससुराल पक्ष के लोगों से हत्या की आशंका जताई है। प्रेमी युगल ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर एसपी से मामले की शिकायत की। एसपी ने स्थानीय पुलिस को मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव सलारपुर निवासी पायल ने एसपी से की शिकायत में बताया कि वह बालिग हैं और अपना भला बुरा सोचने व समझने में पूर्ण सक्षम हैं। आरोप है कि उनके पिता, चाचा, मामा का पुत्र व अन्य रिश्तेदार जबरन उनकी शादी किसी अधेड़ व्यक्ति के साथ करना चाहते थे। विरोध करने पर सभी ने उनके साथ मारपीट भी की। 29 जून को उन्होंने हिंदू रीति रिवाज के अनुसार गांव डेहरा रामपुर निवासी एक युवक से शादी कर ली है। इसके बाद से ही वह अपने पति के साथ रहकर काफी खुश हैं। आरोप है कि उनके मायके वाले भविष्य में उनके पति के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। इतना ही नहीं उनके मायके वाले उनके पति व उनके ससुराल पक्ष के लोगों को झूठे मुकदमे में भी फंसाने की धमकी दे रहे हैं। उनके मायके वालों से उन्हें, उनके पति व ससुराल पक्ष के लोगों को जानमाल का खतरा बना हुआ है।
पायल ने बताया कि एक जुलाई को भी उन्होंने एसपी से मामले की शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया और उनकी शादी करने को सही नहीं माना। स्थानीय पुलिस उनके मायके वालों की तहरीर पर उनके पति व ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की धमकी भी दे रही है।
एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि स्थानीय पुलिस को निष्पक्ष जांच कर मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में निर्दोष लोगों को तंग व परेशान नहीं किया जाएगा।





