उत्तर प्रदेश : श्रद्धालुओं और नाविक के बीच विवाद, नाविक की बेरहमी से पिटाई, पुलिसकर्मी से भी अभद्रता

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर की तीर्थ नगरी बृजघाट से एक गंभीर और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां कुछ श्रद्धालुओं ने घाट पर कार्यरत एक नाविक के साथ जमकर मारपीट की। घटना के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी के साथ भी आरोपियों ने अभद्रता की। नाविक के साथ मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।

पुलिस के अनुसार प्रेम नगर गढ़मुक्तेश्वर निवासी आयुष पुत्र गोपाल बृजघाट पर नाव चलाने का कार्य करता है। कुआं पूजन के लिए मेरठ जिले के किना नगर और गाजियाबाद के भोवापुर से आए कुछ श्रद्धालु घाट पर पहुंचे थे। नाव बुकिंग के बाद किसी लेकर किसी बात पर विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। आरोप है कि श्रद्धालुओं के साथ मौजूद कुछ युवकों ने नाविक आयुष के साथ सरेआम मारपीट की।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्र व्यवहार किया। हालात को नियंत्रित करने के लिए बाद में अतिरिक्त पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि नाविक के साथ मारपीट और पुलिसकर्मी से अभद्रता का मामला सामने आया है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img