Hanuman Janmotsav 2026: नोएडा में भव्य संकीर्तन 4 अप्रैल को, नामी गायक करेंगे प्रस्तुति

Hanuman Janmotsav 2026 नोएडा में भव्य संकीर्तन 4 अप्रैल को, नामी गायक करेंगे प्रस्तुति
नोएडा : श्री हनुमान सेवा मित्र मंडल द्वारा 22वां श्री हनुमान जन्मोत्सव एवं संकीर्तन महोत्सव 4 अप्रैल को भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। यह धार्मिक कार्यक्रम नोएडा के सेक्टर-74 स्थित ओमाया बैंक्वेट में शाम 4:15 बजे से शुरू होगा।
आयोजकों के अनुसार, यह आयोजन भक्ति और श्रद्धा का संगम होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर पूरे आयोजन स्थल पर विशेष व्यवस्था की गई है ताकि भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस महोत्सव की जानकारी मंडल के संस्थापक एवं प्रधान अमित गुप्ता और चेयरमैन विजय अग्रवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां भी शामिल होंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान और फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा मौजूद रहेंगे।
भक्ति संध्या में देश के प्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय बनाएंगे। इनमें कन्हैया मित्तल, गौरव दत्त, दीपक सरगम और शंकर अनुरागी जैसे नाम शामिल हैं, जो अपने भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो देंगे।
आयोजकों ने बताया कि यह मंडल केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संगठन द्वारा कन्या विवाह सहायता, गौसेवा, निःशुल्क दवाओं का वितरण, जरूरतमंदों की सहायता और वृद्धाश्रमों में सहयोग जैसे कई सामाजिक कार्य किए जा रहे हैं।
मीडिया प्रभारी संजय गुप्ता ने बताया कि भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में आने वाले सभी भक्तों के लिए भंडारे और प्रसाद की निरंतर व्यवस्था रहेगी।
नोएडा में होने वाला यह महोत्सव धार्मिक उत्साह और सामाजिक समरसता का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।



