Saturday, 7 November 2026निष्पक्ष खबरें • बेबाक नज़रिया
TOP STORY
THE COMPLETE NEWSROOMखबर पूरी। नज़रिया साफ़।भारत से आपके शहर तक
▤ ई-पेपर पढ़ें ↗
BREAKING NEWS
Lucknow : भैया दूज के बाद फिर बंटेंगे नियुक्ति पत्र, शिक्षा, पुलिस, राजस्व में युवाओं को मिलेगी नौकरी- मुख्यमंत्री योगीLucknow : अब कोई भाई-भतीजावाद नहीं, 25 करोड़ जनता ही परिवार- सीएम योगीLucknow : योगी सरकार में पारदर्शी भर्ती से मिली खाकी वर्दी, सीएम के हाथों नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरेLucknow : दीपावली और छठ पूजा पर अलर्ट मोड में रहेंगे मेडिकल कॉलेज, 24 घंटे सक्रिय रहेंगी इमरजेंसी सेवाएंLucknow : योगी सरकार आपदा में जान गंवाने वालों के परिवार को देगी अब आठ लाख की आर्थिक मददAyodhya : उप राष्ट्रपति के आगमन से दीप प्रज्ज्वलन तक, रामनगरी में मजिस्ट्रेटों को अलग-अलग कमानMathura : वृंदावन में धीरेंद्र शास्त्री के समर्थन में उतरा संत समाज, बोला संतों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तानChandigarh : चुनाव से पहले विपक्षी नेताओं को डराने-धमकाने के लिए भाजपा ईडी , सीबीआई, इनकम टैक्स और इलेक्शन कमीशन का दुरुपयोग कर रही है- हरपाल सिंह चीमा

Greater Noida News: सेक्टरों की समस्याएं सुनने घर-घर पहुंची प्राधिकरण की टीम, अल्फा-1 से अभियान की शुरुआत

Greater Noida News: सेक्टरों की समस्याएं सुनने घर-घर पहुंची प्राधिकरण की टीम, अल्फा-1 से अभियान की शुरुआत

ग्रेटर नोएडा के रिहायशी सेक्टरों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का समाधान अब अधिकारियों के दफ्तरों में नहीं, बल्कि सीधे उनके बीच जाकर किया जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहर के सभी आवासीय सेक्टरों में विशेष निरीक्षण अभियान शुरू किया है, जिसके तहत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचकर नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे और उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करेंगे। इस अभियान की शुरुआत मंगलवार को सेक्टर अल्फा-1 से हुई, जहां प्राधिकरण की टीम ने निरीक्षण कर स्थानीय निवासियों की समस्याओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने शहर के आवासीय क्षेत्रों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और लोगों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए यह पहल शुरू की है। उनके निर्देश पर एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने ग्रेटर नोएडा ईस्ट और वेस्ट क्षेत्र के लिए परियोजना, स्वास्थ्य, उद्यान, विद्युत अभियांत्रिकी तथा जल एवं सीवर विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीमें गठित की हैं। इन टीमों का उद्देश्य प्रत्येक सेक्टर का नियमित दौरा कर मौके पर ही समस्याओं की पहचान करना और उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू करना है।

मंगलवार को परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम सेक्टर अल्फा-1 पहुंची। इस दौरान वरिष्ठ प्रबंधक राजेश गौतम, राजीव कुमार, विनोद शर्मा, सहायक निदेशक उद्यान ज्ञानेंद्र यादव, प्रबंधक संध्या सिंह, विवेक किशोर, स्वतंत्र वर्मा, विपिन बिहारी राय, सहायक प्रबंधक गौरव बघेल, कुलदीप शर्मा और अर्जुन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सेक्टर अल्फा-1 आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष शेर सिंह भाटी और उनकी टीम ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर मकानों के बाहर निर्माण सामग्री और मलबा लंबे समय से पड़ा हुआ है, जिससे न केवल यातायात प्रभावित हो रहा है बल्कि सफाई व्यवस्था भी खराब हो रही है। इसके अलावा कई पीजी के आसपास कूड़े के ढेर और गंदगी भी देखने को मिली। इस पर अधिकारियों ने संबंधित पीजी संचालकों को तत्काल नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़कों पर पड़े मलबे को हटाने और उसका खर्च संबंधित मकान मालिक से वसूलने के आदेश भी दिए गए।

प्राधिकरण की टीम ने निवासियों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकें और केवल कूड़ा संग्रहण वाहन में ही कचरा डालें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही लोगों से ऐसे मामलों की सूचना तुरंत प्राधिकरण को देने की अपील भी की गई, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

निरीक्षण के दौरान आरडब्ल्यूए की ओर से जर्जर स्ट्रीट लाइट पोल बदलने, पार्कों के नियमित रखरखाव, रोड मार्किंग कराने, स्पीड ब्रेकर बनवाने तथा मार्केट क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय के निर्माण की मांग भी रखी गई। अधिकारियों ने सभी मांगों को गंभीरता से लेते हुए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का आश्वासन दिया।

प्राधिकरण का कहना है कि यह अभियान अब नियमित रूप से जारी रहेगा और ग्रेटर नोएडा के सभी आवासीय सेक्टरों में इसी तरह संयुक्त टीम पहुंचकर स्थानीय समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करेगी। इस पहल से नागरिक सुविधाओं में सुधार आने के साथ-साथ लोगों और प्राधिकरण के बीच बेहतर समन्वय भी स्थापित होगा। स्थानीय निवासियों ने इस नई व्यवस्था का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि अब उनकी शिकायतों का समाधान पहले की तुलना में कहीं अधिक तेजी से होगा।

इस खबर पर आपकी प्रतिक्रिया

Avatar photo
संवाददाता

Priyanka Singh

संबंधित खबरें