उत्तर प्रदेशराज्य

RTE Lottery Noida: पहले चरण में 2231 बच्चों को सीट, निरस्त आवेदनों पर DM सख्त

RTE Lottery Noida: पहले चरण में 2231 बच्चों को सीट, निरस्त आवेदनों पर DM सख्त

नोएडा में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (RTE) के तहत पहले चरण की लॉटरी बुधवार को निकाली गई, जिसमें सत्यापित 2965 आवेदनों में से 2231 बच्चों को निजी स्कूलों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश आवंटित किया गया। वहीं 734 बच्चों को इस चरण में स्कूल आवंटित नहीं हो सका। लॉटरी परिणाम घोषित होते ही कई अभिभावकों ने विरोध जताया और शिक्षा विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए।

अभिभावकों का कहना है कि विभाग की ओर से कई आवेदनों को जल्दबाजी में निरस्त कर दिया गया। उनका आरोप है कि सभी आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद यह कहकर आवेदन खारिज कर दिए गए कि दस्तावेज स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे थे। अभिभावकों का कहना है कि यदि दस्तावेजों में कोई कमी थी तो विभाग को उनसे संपर्क कर सुधार का अवसर देना चाहिए था। उनका यह भी आरोप है कि हर साल हजारों आवेदन तकनीकी कारणों से निरस्त कर दिए जाते हैं, जिससे पात्र बच्चे प्रवेश से वंचित रह जाते हैं।

कुछ अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया कि विभाग अपनी प्रशासनिक कमियों को छुपाने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन निरस्त कर देता है। संस्थापक एनसीआर पैरेंट्स एसोसिएशन के संस्थापक सुखपाल सिंह तूर ने कहा कि पिछले कई वर्षों से सैकड़ों अभिभावक इस प्रकार की शिकायतें कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि विभाग यह दावा करता है कि दाखिला न देने वाले स्कूलों के खिलाफ मान्यता प्रत्याहरण जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अब तक किसी स्कूल पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। अभिभावकों को महीनों तक स्कूलों और कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं, फिर भी उन्हें दाखिला नहीं मिल पाता।

इस मामले पर जिलाधिकारी मेधा रुपम ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) से निरस्त आवेदनों की सूची मांगी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सत्यापन के दौरान जल्दबाजी में आवेदन खारिज किए गए हैं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र बच्चों को प्रवेश दिलाना है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दूसरे चरण की प्रक्रिया 21 फरवरी से शुरू होगी और 7 मार्च तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। 9 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी और 11 मार्च को सीट आवंटन किया जाएगा। तीसरे चरण के तहत 12 से 25 मार्च तक आवेदन लिए जाएंगे। इसके बाद बीएसए कार्यालय द्वारा सत्यापन और लॉकिंग की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 27 मार्च को लॉटरी निकाली जाएगी और 29 मार्च को सीट आवंटित की जाएगी।

बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने कहा कि पहले चरण में 2231 बच्चों को सीटें आवंटित की गई हैं। जो आवेदन निर्धारित मानकों को पूरा नहीं कर रहे थे, उन्हें ही निरस्त किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी पात्र बच्चों को नियमों के अनुसार प्रवेश दिलाया जाएगा।

Himachal Pradesh: अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 202 पात्र आवेदकों को नए वर्ष का तोहफा, मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा फैसला

Related Articles

Back to top button