राज्यउत्तर प्रदेश

Vehicle Scrappage Action: जिले की सड़कों पर 10 हजार से ज्यादा गाड़ियां होंगी बैन, परिवहन विभाग ने RC निरस्त की

Vehicle Scrappage Action: जिले की सड़कों पर 10 हजार से ज्यादा गाड़ियां होंगी बैन, परिवहन विभाग ने RC निरस्त की

नोएडा। जिले की सड़कों पर अब 10 हजार से अधिक पुराने वाहन नहीं दौड़ सकेंगे। परिवहन विभाग ने निर्धारित समयसीमा पूरी कर चुके 10,508 वाहनों का पंजीकरण प्रमाण पत्र (आरसी) निरस्त कर उन्हें कबाड़ घोषित कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ये वाहन सड़कों पर चलते पाए गए तो उन्हें तुरंत सीज किया जाएगा।

परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अप्रैल 2025 से दिसंबर 2025 के बीच यह कार्रवाई की गई। निरस्त किए गए वाहनों में 10 साल पुराने 1,542 डीजल वाहन और 15 वर्ष पुराने 8,966 पेट्रोल वाहन शामिल हैं। नियमों के तहत तय अवधि पूरी होने के बाद पहले इन वाहनों का पंजीकरण निलंबित किया जाता है और निर्धारित प्रक्रिया के बाद आरसी निरस्त कर दी जाती है।

एआरटीओ प्रशासन नंदकुमार ने बताया कि कार्रवाई से पहले वाहन मालिकों को नोटिस भेजा जाता है। यदि कोई वाहन मालिक अपने वाहन को दिल्ली-एनसीआर से बाहर किसी अन्य जिले में ले जाना चाहता है तो वह परिवहन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) प्राप्त कर सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने अपने पुराने वाहन कबाड़ में बेच दिए हैं, उन्हें विभाग में आकर औपचारिक रूप से पंजीकरण निरस्त कराना जरूरी है। ऐसा न करने पर विशेष रूप से व्यावसायिक वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है, क्योंकि ऐसे वाहनों पर रोड टैक्स और जुर्माना लगातार बनता रहता है।

अधिकारियों के मुताबिक कई मामलों में वाहन मालिक नोटिस मिलने के बाद यह जानकारी देते हैं कि उन्होंने वाहन बेच दिया है, लेकिन जब तक रिकॉर्ड में पंजीकरण निरस्त नहीं होता, तब तक देय रोड टैक्स चुकाना अनिवार्य रहता है। इस पर किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाती।

जिले में वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल वाहनों की संख्या 12,20,846 तक पहुंच चुकी है। इसमें निजी और व्यावसायिक दोनों श्रेणियां शामिल हैं। सबसे अधिक 7,10,243 दोपहिया वाहन पंजीकृत हैं, जबकि 3,73,695 चार पहिया निजी वाहन हैं। बढ़ती वाहन संख्या के बीच पुराने और प्रदूषणकारी वाहनों पर सख्ती को पर्यावरण और ट्रैफिक प्रबंधन की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पुराने वाहनों को वैध तरीके से कबाड़ कराने के लिए जिले में दो अधिकृत स्क्रैपिंग केंद्र संचालित हैं। नोएडा सेक्टर-80 स्थित Maruti Suzuki Toyotsu India Private Limited और ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-1 स्थित Mahindra MSTC Recycling Private Limited को सरकार से मान्यता प्राप्त है। ये केंद्र वाहन स्क्रैपिंग के बाद वैध प्रमाण पत्र जारी करते हैं। परिवहन विभाग के अनुसार भविष्य में जिले में कुछ और अधिकृत कबाड़ केंद्र खोलने का प्रस्ताव भी है।

परिवहन विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे अपने पुराने और समयसीमा पूरी कर चुके वाहनों को नियमों के अनुसार अधिकृत केंद्रों पर ही स्क्रैप कराएं और सभी औपचारिकताएं पूरी करें, ताकि भविष्य में किसी कानूनी या आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ

Related Articles

Back to top button