उत्तर प्रदेश : क्रिकेट खिलाने के झांसे में 14.30 लाख रुपये हड़पने का आरोप, मुकदमा दर्ज

Hapur News : हापुड़ में नगर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ रोड स्थित संजय विहार आवास विकास निवासी बृजेश सिंह ने कुछ लोगों पर उनके पुत्र को बिहार से अंडर-19 में क्रिकेट खिलाने का झांसा देकर 14.30 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। एसपी के आदेश पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
बृजेश सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह मूलरूप से जिला बिजनौर के गांव रामपुर नजराना के रहने वाले हैं। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ मेरठ रोड स्थित मोहल्ला संजय विहार आवास विकास में रह रहे है। उनका पुत्र भवेश कुमार क्रिकेट खेलने में रुचि रखता है और आसपास के क्रिकेट टूर्नामेंट में भाग भी लेता है। वर्ष 2022 में संस्कार क्रिकेट अकादमी में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान उनके पुत्र की मुलाकात विराट उर्फ मुकुल त्यागी निवासी गांव माकड़ी जिला बुलंदशहर से हुई। आरोपी ने उनके परिचित मोनू व सहर्ष आनंद के माध्यम से बिहार से अंडर-19 क्रिकेट की टीम में चयन कराने का उनके पुत्र को झांसा दिया।
26 अगस्त 2022 को घर पहुंचकर आरोपी ने उनके पुत्र का चयन कराने का उन्हें व पुत्र के कोच नदीम को भी झांसा देकर 15 लाख का खर्चा बताया। इसके बाद आरोपी ने उनकी बात गाजियाबाद में क्रिकेट अकादमी चलाने वाले किशन नाम के व्यक्ति से भी कराई। इसके बाद उन्होंने 27 व 28 अगस्त 2022 को विराट उर्फ मुकुल त्यागी को दो बार में एक लाख रुपये ऑनलाइन कर दिए। इसके बाद विराट उर्फ मुकुल त्यागी, मोनू निवासी बनारस व किशन कुछ अन्य लोगों के साथ गाजियाबाद कचहरी के पास स्थित एक होटल में पहुंचे और उन्हें व उनके पुत्र भवेश को यहां बुलाया।
इस दौरान आरोपी विराट उर्फ मुकुल त्यागी ने उनसे आरोपी सहर्ष आनंद के विभिन्न खातों में रुपये भेजने की बात कही। उन्होंने विभिन्न तिथियों में सहर्ष आनंद के खातों में 14.30 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने उनके पुत्र को कई बार बिहार बुलाया और क्रिकेट अभ्यास भी कराया। इतना ही नहीं आरोपियों ने बिहार से फर्जी कागजात कराकर उनके पुत्र का यहां बैंक खाता भी खुलवाया दिया। कुछ दिन तक सलेक्शन ने होने पर उन्होंने आरोपियों से अपने रुपये वापस करने की मांग की। आरोपियों ने उनके रुपये देने से साफ इन्कार कर दिया।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि एसपी के आदेश पर विराट उर्फ मुकुल त्यागी, मोनू, सहर्ष आनंद व किशन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।





