AYUSH Health Insurance: अब आयुष उपचार की कैशलेस सुविधा भी देंगी बीमा कंपनियां

AYUSH Health Insurance: अब आयुष उपचार की कैशलेस सुविधा भी देंगी बीमा कंपनियां

नई दिल्ली। अब तक मेडिक्लेम के माध्यम से केवल एलोपैथिक उपचार का लाभ लेने वाले मरीजों के लिए राहत की बड़ी खबर है। आयुर्वेद समेत तमाम आयुष चिकित्सा पद्धतियों को भी अब स्वास्थ्य बीमा की कैशलेस सुविधा के दायरे में लाया जा रहा है। इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए), दिल्ली और जनरल इंश्योरेंस काउंसिल (जीआई काउंसिल) के बीच कॉमन एम्पैनलमेंट मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते के साथ ही आयुष उपचार भी औपचारिक रूप से स्वास्थ्य बीमा व्यवस्था की मुख्यधारा में शामिल हो गया है।
इस एमओयू पर एआईआईए के निदेशक प्रो. (वैद्य) पी.के. प्रजापति और जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के डायरेक्टर (हेल्थ) सेगर संपतकुमार ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम के दौरान आयुष स्वास्थ्य बीमा से जुड़े कोर ग्रुप ऑफ एक्सपर्ट्स के चेयरमैन प्रो. बेजोन कुमार मिश्रा, एआईआईए के डीन सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
प्रो. पी.के. प्रजापति ने बताया कि इस समझौते के बाद एआईआईए, जनरल इंश्योरेंस काउंसिल के अंतर्गत आने वाली सभी 32 बीमा कंपनियों के साथ एम्पैनल हो गया है। इसका सीधा लाभ यह होगा कि अब मरीजों को आयुर्वेद और अन्य आयुष पद्धतियों के तहत इलाज के लिए कैशलेस सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि यह कदम आम मरीजों के लिए बड़ी राहत है और इससे आयुष चिकित्सा पद्धतियों के प्रति विश्वास और स्वीकार्यता दोनों बढ़ेंगी।
वहीं प्रो. बेजोन कुमार मिश्रा ने इसे ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि देश में यह पहली बार है जब किसी आयुष संस्थान ने जीआई काउंसिल के साथ ऐसा एमओयू किया है। इससे आयुर्वेदिक और आयुष आधारित उपचार न केवल अधिक सुलभ होंगे, बल्कि किफायती इलाज और बीमित स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से आयुष चिकित्सा को चुनने वाले मरीजों को आर्थिक सुरक्षा के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
इस अवसर पर आयुष मंत्रालय की आयुष हेल्थ इंश्योरेंस हेल्पलाइन नंबर 1800-11-0008 की जानकारी भी दी गई। यह हेल्पलाइन कार्यदिवसों में सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेगी, जहां आयुष स्वास्थ्य बीमा से संबंधित जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल आयुष आधारित बीमित स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगी और देश में समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाएगी।

मलाइका अरोड़ा ने अर्जुन कपूर के साथ ब्रेकअप की खबरों के बीच अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की, कहा ‘हममें से हर किसी के पास सिर्फ़…’

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img