राज्यउत्तर प्रदेश

Greater Noida West Housing Relief: 2064 खरीदारों को फ्लैट मिलने की उम्मीद, 7 साल बाद फिर शुरू हुआ निर्माण

Greater Noida West Housing Relief: 2064 खरीदारों को फ्लैट मिलने की उम्मीद, 7 साल बाद फिर शुरू हुआ निर्माण

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हजारों होमबायर्स के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से रुकी पड़ी ग्रुप हाउसिंग परियोजना ‘श्री राधा स्काई पार्क’ का निर्माण कार्य दोबारा शुरू हो गया है, जिससे 2064 फ्लैट खरीदारों को अपने घर मिलने की उम्मीद फिर से जगी है। करीब सात साल से अटकी इस परियोजना के शुरू होने से निवेशकों में नई उम्मीद और विश्वास देखने को मिल रहा है।

सेक्टर-16बी स्थित इस हाउसिंग प्रोजेक्ट का निर्माण वर्ष 2017 में शुरू हुआ था, लेकिन बजट की कमी और अन्य कारणों के चलते 2019 में काम पूरी तरह बंद हो गया था। इसके बाद से हजारों खरीदार अपने फ्लैट का इंतजार कर रहे थे। अब उत्तर प्रदेश सरकार की पायलट पॉलिसी के तहत इस परियोजना को सह-विकासकर्ता के रूप में हवेलिया समूह को सौंपा गया है, जिसने साइट पर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया है।

इस परियोजना को पूरा करने के लिए करीब 770 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और इसे साढ़े तीन से चार साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हवेलिया समूह के प्रबंध निदेशक Nikhil Havelia के अनुसार, वर्ष 2023 में ‘इन्वेस्ट इन यूपी’ के साथ हुए समझौता ज्ञापन (MOU) के जरिए रुकी हुई परियोजनाओं को पूरा करने का एक ठोस मॉडल प्रस्तुत किया गया था। इसी के तहत सह-विकासकर्ता पॉलिसी को लागू किया गया, जिससे इस प्रोजेक्ट को नई गति मिली।

दिसंबर 2023 में इस परियोजना को पूरा करने के लिए आदेश जारी किया गया, जिसके बाद प्राधिकरण की 133वीं बोर्ड बैठक में इसे मंजूरी मिली। जुलाई 2024 में दोनों बिल्डरों के बीच संयुक्त विकास समझौता (JDA) साइन किया गया, जिससे परियोजना के पुनर्निर्माण का रास्ता साफ हो गया। रेरा से भी इस परियोजना को मंजूरी मिल चुकी है।

गौरतलब है कि श्री ग्रुप द्वारा पहले चरण में ‘श्री राधा स्काई गार्डन’ परियोजना के तहत 1700 खरीदारों को पहले ही फ्लैट का कब्जा दिया जा चुका है। इसमें से करीब 500 फ्लैट हवेलिया समूह ने सह-विकासकर्ता के रूप में तैयार किए थे। अब शेष बचे फ्लैटों का निर्माण भी तेजी से किया जाएगा।

इस परियोजना के लिए अमेरिकी पेंशन फंड ‘वॉशिंगटन स्टेट इन्वेस्टमेंट बोर्ड’ द्वारा फंडिंग की जा रही है, जिससे निर्माण कार्य को आर्थिक मजबूती मिली है और समय पर पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है।

निखिल हवेलिया ने कहा कि यह परियोजना सभी के लिए गर्व का विषय है और इसे समय पर पूरा कर 2064 परिवारों को उनके सपनों का घर सौंपा जाएगा। लंबे समय से इंतजार कर रहे खरीदारों के लिए यह पहल नई उम्मीद लेकर आई है और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के रियल एस्टेट सेक्टर में एक सकारात्मक संदेश भी दे रही है।

Related Articles

Back to top button