उत्तर प्रदेशराज्यराज्य

Uttar Pradesh : हापुड़ में दोस्त के मना करने के बाद भी नहर में नहाने उतरा युवक, घंटों से जारी है तलाश

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के सलाई पुल पर नहर में नहाते समय एक युवक डूब गया। दोस्त के मना करने के बावजूद वह नहर में उतरा था। हादसे के बाद से गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हैं लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस के अनुसार गांव अयादनगर उत्तरी निवासी तेजपाल मजदूरी करते हैं। उनका 21 वर्षीय पुत्र मुन्नू मंगलवार दोपहर अपने दोस्त के साथ गांव सलाई किसी काम से आया था। घर लौटते समय वह सलाई पुल पर नहर में नहाने के लिए रुक गया। नहर में पानी का बहाव तेज था, इसलिए दोस्त ने उसे नहाने से मना किया। इसके बावजूद मुन्नू नहर में उतर गया और नहाने के दौरान तेज बहाव में डूब गया।

काफी देर तक बाहर न आने पर दोस्त ने परिजनों और ग्रामीणों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस और गोताखोरों को बुलाया। पुलिस और गोताखोर मौके पर पहुंचे और मुन्नू को नहर में तलाश करना शुरू किया।

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि गोताखोर लगातार युवक की तलाश कर रहे हैं। मंगलवार देर शाम तक भी नहर में सर्च अभियान जारी था, लेकिन युवक का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।

Related Articles

Back to top button