Guru Ravidas: हरियाणा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की पवित्र कलश यात्रा को गुरुग्राम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 27 संगठनात्मक जिलों के लिए किया रवाना

Guru Ravidas: हरियाणा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की पवित्र कलश यात्रा को गुरुग्राम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 27 संगठनात्मक जिलों के लिए किया रवाना

रिपोर्ट :कोमल रमोला

चंडीगढ़ , 4 अगस्त-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में काशी के श्री गुरु रविदास जन्मस्थल, सीर गोवर्धनपुर, उत्तर प्रदेश से प्रारंभ हुई पवित्र कलश यात्रा केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, समानता और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है। जिसमें हरियाणा पूरी श्रद्धा, सक्रिय सहभागिता और जनभागीदारी के साथ अपना योगदान देगा।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मंगलवार को गुरुग्राम में आयोजित भव्य समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे, जहां से संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की पवित्र कलश यात्रा को हरियाणा के सभी 27 संगठनात्मक जिलों के लिए विधिवत रवाना किया गया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने श्री शीतला माता मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके उपरांत उन्होंने 30 जुलाई को कलश यात्रा के गुरुग्राम आगमन पर मंदिर परिसर में स्थापित पवित्र कलश को श्रद्धापूर्वक अपने सिर पर धारण कर यात्रा रवानगी स्थल तक पहुंचाया और वहां से कलश यात्रा को सभी 27 जिला के प्रतिनिधियों को सौंपते हुए रवाना किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजन स्थल पर मौजूद संत समाज के प्रतिनिधियों का शाल भेंट कर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश जरावता, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी की विधायक बिमला चौधरी,गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, बवानी खेड़ा से विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, होडल विधायक हरेंद्र सिंह सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि 29 जुलाई को वाराणसी से प्रारंभ हुई यह पवित्र कलश यात्रा 30 जुलाई को गुरुग्राम पहुंची थी, जहां प्रदेश के विभिन्न कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। गुरुग्राम शहर के प्रमुख मार्गों से श्रद्धा और उत्साह के वातावरण में गुजरने के उपरांत पवित्र कलश को श्री माता शीतला मंदिर में विधिवत स्थापित किया गया था।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कलश यात्रा के शुभारम्भ से पूर्व उपस्थितजन को संबोधित करते हुए कहा कि यह यात्रा आगामी 20 फरवरी 2027 तक देशभर में भ्रमण कर संत गुरु रविदास जी के समता, न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगी। हरियाणा के सभी संगठनात्मक जिलों के माध्यम से यह पवित्र कलश गांव-गांव, शहर-शहर और घर-घर पहुंचेगा तथा समाज को जोड़ने का कार्य करेगा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गुरुग्राम की संत रविदास धर्मशालाओं के लिए 31 लाख की राशि देने को घोषणा भी की।

*संत गुरु रविदास जी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक*

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से यह संदेश दिया कि मनुष्य की पहचान उसकी जाति या जन्म से नहीं, बल्कि उसके कर्म और चरित्र से होती है। काशी से लाई गई पवित्र माटी इस सत्य का प्रतीक है कि मिट्टी की कोई जाति, धर्म या ऊंच-नीच नहीं होती। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का सपना ऐसा समाज है, जहां किसी के साथ भेदभाव न हो, सभी को समान अवसर मिले, कोई भूखा न सोए और प्रत्येक व्यक्ति सम्मान एवं निर्भय जीवन का अधिकारी बने। उन्होंने कहा कि आज आवश्यकता है कि उनके समरसता के संदेश को केवल शब्दों तक सीमित न रखकर जीवन में उतारा जाए।

*हरियाणा सरकार समरसता और सामाजिक न्याय की भावना को कर रही है साकार*

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र में संत गुरु रविदास जी की समरसता की भावना का आधुनिक स्वरूप दिखाई देता है। हरियाणा सरकार भी इसी विचारधारा के अनुरूप पारदर्शी व्यवस्था के माध्यम से बिना पर्ची और बिना खर्ची सरकारी नौकरियां, गरीब कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने सभी सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, जिला अध्यक्षों और श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे पवित्र कलश यात्रा को जनभागीदारी का अभियान बनाते हुए संत गुरु रविदास जी के समरसता, सेवा, समानता और मानवता के संदेश को हर घर तक पहुंचाने का संकल्प लें।

*संत गुरु रविदास जी की शिक्षा मानवता, समरसता और सेवा का संदेश देती है : कृष्ण लाल पंवार*

हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खान एवं भू-विज्ञान मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का संपूर्ण जीवन मानवता, समानता, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी ने अपने उपदेशों के माध्यम से जाति-पांति, ऊंच-नीच और छुआछूत जैसी सामाजिक कुरीतियों का विरोध करते हुए प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अधिकार का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को प्रेम, करुणा, सत्य, परिश्रम और परोपकार का मार्ग अपनाने की प्रेरणा दी तथा यह सिखाया कि ईश्वर की सच्ची भक्ति केवल कर्म, सेवा और मानव कल्याण में निहित है। कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम संत गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर समाज में भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकता को और अधिक मजबूत करें तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर विकसित और समरस भारत के निर्माण में योगदान दें।

Hot this week

Big Indian AI SuperChip Dream: Bharatiya Chips Powering the Electronic Revolution

Indian firms are thus in a position to help...

Gorakhpur : गुरु गोरखनाथ का पूजन कर विजयादशमी शोभायात्रा निकालेंगे गोरक्षपीठाधीश्वर

Gorakhpur : विजयादशमी (दशहरा) का पावन पर्व गोरक्षपीठ की...

Topics

Lucknow : योगी सरकार में समावेशी शिक्षा को नई दिशा, प्रशस्त 2.0 से जुड़े 9.20 लाख शिक्षक

Lucknow : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर...
spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img