Uttar Pradesh : गाजियाबाद में कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार दो सगी बहनों की मौत, फुफेरा भाई घायल

Ghaziabad/Hapur : स्कूल की छुट्टियां बिताने बुआ के घर दिल्ली जा रही दो सगी बहनों की कंटेनर की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों अपने फुफेरे भाई के साथ बाइक पर सवार थीं। हादसा मंगलवार शाम गाजियाबाद के वेव सिटी थाना क्षेत्र में एनएच-9 स्थित डासना कट पर हुआ। दुर्घटना में बाइक चला रहा युवक भी घायल हुआ है।
जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र स्थित मुरादपुर गांव निवासी अंशिका 17 वर्ष और उसकी छोटी बहन परी 14 वर्ष शाम करीब छह बजे अपने फुफेरे भाई अजय के साथ बाइक से दिल्ली के नजफगढ़ स्थित नरेंद्रपुर के लिए निकली थीं। पुलिस के अनुसार, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की तरफ जा रहा सामान से लदा एक कंटेनर डासना कट पर मुड़ रहा था, तभी बाइक उसकी चपेट में आ गई।
टक्कर लगने के बाद अंशिका सड़क पर गिर गई और उसका सिर कंटेनर के पहिये के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। परी और अजय बाइक समेत सड़क पर दूर तक फिसल गए। परी का सिर डिवाइडर से टकराने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
मौके पर पहुंची वेव सिटी थाना पुलिस ने परी और अजय को सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत के चलते परी को हापुड़ स्थित रामा अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां ले जाने पर चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। अजय की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि अजय हेलमेट लगाए था, लेकिन दोनों किशोरियों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
परिजनों ने बताया कि अंशिका और परी के पिता सनोज कुमार राजमिस्त्री हैं। अब उनकी तीन बेटियों में सबसे बड़ी बेटी मुस्कान ही बची है। मुस्कान का विवाह हो चुका है। अंशिका और परी गांव में ही गुलशन इंटर कॉलेज में क्रमशः कक्षा 11 व 10वीं की छात्रा थीं।
परिजनों ने बताया कि दोनों कई दिनों से बुआ के घर जाने की जिद कर रही थीं। इसी के चलते अजय उन्हें लेने गया था। उन्होंने घर से निकलते समय कहा था कि छुट्टियां खत्म होने के बाद ही लौटेंगी, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





