राज्यउत्तर प्रदेश

Road Accident: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत

Road Accident: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, दर्दनाक हादसे में दोनों की मौत

नोएडा। नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार देर रात अवध ग्रीन कट के सामने हुआ। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय सचिन और 19 वर्षीय मनीष के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से हमीरपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में रह रहे थे। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर नवादा गोलचक्कर से डोमिनोज गोलचक्कर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बीटा-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई, जिसके बाद परिवारों में मातम का माहौल है। एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से गांव और परिचितों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया है। कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारी यह भी जांच कर रहे हैं कि हादसे के समय कार की गति कितनी थी, चालक ने यातायात नियमों का उल्लंघन किया था या नहीं और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई। जांच रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button