उत्तर प्रदेश : हापुड़ में उपला चोरी को लेकर दो गांवों में पथराव और मारपीट, आधा दर्जन लोग घायल

Hapur News : थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गांव काठीखेड़ा में उपला चोरी को लेकर काठीखेड़ा और पास के गांव सलाई के लोगों के बीच कहासुनी के बाद जमकर पथराव और मारपीट हो गई। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। घटना में दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, गांव काठीखेड़ा निवासी सुरेंद्र के उपले पिछले कई दिनों से चोरी हो रहे थे। वह चोरी करने वालों की तलाश में था। शुक्रवार सुबह उसे सूचना मिली कि पास के गांव सलाई का एक युवक उपले चुरा रहा है। सुरेंद्र ने मौके पर पहुंचकर इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते दोनों गांवों के काफी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और विवाद ने उग्र रूप ले लिया। पथराव और मारपीट से गांव में दहशत का माहौल बन गया। कई लोग चोटिल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी वरुण मिश्रा और थाना हापुड़ देहात प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सिटी वरुण मिश्रा ने बताया कि उपला चोरी को लेकर दो गांवों के बीच विवाद हुआ था। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।





