उत्तर प्रदेश : हापुड़ में बैंक लोन के नाम पर गरीब महिलाओं से ठगी

Hapur News : जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में गरीब और मजदूरी कर जीवन यापन करने वाली महिलाओं के साथ बैंक लोन के नाम पर बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ महिलाओं और कथित बैंक एजेंटों ने मिलकर स्वयं सहायता समूह के जरिए लोन दिलाने का झांसा दिया और पीड़ित महिलाओं के नाम पर लोन स्वीकृत कराकर रकम हड़प ली। मामले की शिकायत मिलने पर एसपी ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर पुलिस ने तीन नामजद महिलाओं समेत चार अज्ञात बैंक एजेंटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार मोहल्ला शिवचरनपुरा की भाग्यश्री और मोनिका, अयोध्यापुरी की मुनेश, किशनगंज की रजनी, प्रेमवती, उमा सैनी, दीपा, गीता सैनी, अहाता सादक अली की नीलम, मीनाक्षी रोड की सविता, शीला तथा नवी करीम की सोया ने शिकायत दी है कि अहाता सादक अली चंडी रोड निवासी रेखा पत्नी मुनेश का उनके घर आना-जाना था। रेखा ने अपनी बहन पूजा से उनका परिचय कराते हुए दावा किया कि उसकी बैंकों में अच्छी पहचान है और वह महिलाओं को समूह के माध्यम से आसानी से लोन दिलवा सकती है।

आरोप है कि रेखा और पूजा ने महिलाओं को भरोसे में लेकर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक चेक और फोटो एकत्र कर लिए। बाद में उन्हें अपने घर बुलाया गया, जहां रेखा, पूजा, निशि और चार अन्य अज्ञात व्यक्ति मौजूद थे। इन लोगों ने खुद को बैंक एजेंट बताते हुए महिलाओं से बैंक खाता खोलने और लोन प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर कई दस्तावेजों पर अंगूठे और हस्ताक्षर करवा लिए। इसके बाद महिलाओं को बैंक भी ले जाया गया, जहां लोन से जुड़े कागजातों पर हस्ताक्षर कराए गए।

कुछ दिन बाद आरोपियों ने महिलाओं को सूचना दी कि उनका सिविल स्कोर कम होने के कारण लोन रद्द हो गया है। इस बहाने उनसे पासबुक और एटीएम कार्ड वापस ले लिए गए। करीब 15 से 20 दिन पहले जब बैंक एजेंट उनके घर पहुंचे और लोन की किस्त जमा करने का दबाव बनाने लगे, तब महिलाओं को ठगी का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि उनके नाम पर लोन स्वीकृत हो चुका था और उसकी राशि आरोपियों द्वारा हड़प ली गई।

पीड़ित महिलाओं का आरोप है कि जब उन्होंने रेखा, पूजा और निशि से इस संबंध में सवाल किया तो उन्होंने स्वीकार किया कि वे एजेंटों के साथ मिलकर महिलाओं के नाम पर लोन कराकर पैसे आपस में बांट लेते हैं। इतना ही नहीं, गीता सैनी के सोने के कुंडल भी विश्वास में लेकर सर्राफा बाजार स्थित एक आभूषण की दुकान पर बेच दिए गए। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

थाना हापुड़ देहात प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों और अज्ञात बैंक एजेंटों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img