Uttar Pradesh : बुलंदशहर में भ्रष्टाचार पर बड़ी कार्रवाई, इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में भ्रष्टाचार के आरोपों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए सिकंदराबाद कोतवाली के इंस्पेक्टर सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई डीआईजी मेरठ के आदेश पर की गई, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब डीआईजी मेरठ कलानिधि नैथानी को सिकंदराबाद कोतवाली से जुड़े भ्रष्टाचार की शिकायत मिली। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों के आदेश पर सर्किल ऑफिसर भास्कर मिश्रा ने मामले की जांच की, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे संबंधित सभी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। इसके महज तीन घंटे बाद ही डीआईजी ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी आरोपियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए।
डीआईजी के निर्देश पर एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से सभी आरोपित पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। निलंबित किए गए कर्मियों में सिकंदराबाद के इंस्पेक्टर नीरज मलिक, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरुण कुमार, चौकी प्रभारी अमित कुमार, आरक्षी प्रवेश बैसला, आरक्षी सुमित और आरक्षी विपुल कुमार शामिल हैं।
पुलिस विभाग का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।





