Hapur News : जनपद हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र में पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। एक व्यक्ति ने 1 मई को डीआईजी मेरठ रेंज को शिकायती पत्र देकर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय और चौकी प्रभारी जदीद उप-निरीक्षक अशोक कुमार पर जबरन समझौता कराने, गाली-गलौज करने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया। मामले की जांच एसपी ग्रामीण मेरठ द्वारा कराई गई, जिसमें कोतवाली में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि सिविल प्रकृति के मामले में भी उसे कोतवाली पुलिस द्वारा लगभग आठ घंटे तक हवालात के पास अवैध रूप से बैठाए रखा गया। उसने पुलिस पर दबाव बनाकर समझौता कराने, गाली-गलौज करने और दुर्व्यवहार करने के आरोप लगाए। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मेरठ से एसपी ग्रामीण बजरंग प्रसाद को जांच सौंपी गई।
एसपी ग्रामीण मेरठ बजरंग प्रसाद ने अपनी जांच रिपोर्ट डीआईजी को सौंप दी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए डीआईजी ने नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार पांडेय और चौकी प्रभारी जदीद उप-निरीक्षक अशोक कुमार को थाने से हटाकर लाइन हाजिर कर दिया है। साथ ही पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मेरठ को विस्तृत प्रारंभिक जांच कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीआईजी ने सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी प्रकरण में ऐसा आचरण न किया जाए जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सिविल मामलों में किसी भी व्यक्ति को हिरासत में न रखा जाए और थानों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे चौबीस घंटे सुचारू रूप से चालू रखे जाएं। पारदर्शिता और जवाबदेही बनाए रखना हर पुलिस अधिकारी का दायित्व है।


