Uttar Pradesh : बुलंदशहर में पेट्रोल डालकर जलाई गई युवती की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत, प्रेमी के परिजनों पर आरोप

Bulandshahar News (अवनीश त्यागी) : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पेट्रोल डालकर जलाई गई युवती ने दिल्ली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान शिकारपुर कस्बे के मोहल्ला मूर्ति विहार निवासी कशिश के रूप में हुई है, जिसका इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में चल रहा था।

पुलिस के अनुसार कशिश मीणा का पिछले चार वर्षों से अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी आशीष के साथ प्रेम संबंध था। बीते 25 अप्रैल को कशिश अपने प्रेमी से मिलने सालवनपुर गांव पहुंची थी, जहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर प्रेमी के भाई विवेक ने कशिश पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी युवती को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिकारपुर में भर्ती कराया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी शशांक श्रीवास्तव ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता के बयान भी दर्ज किए थे।

करीब एक सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शनिवार सुबह लगभग 5:30 बजे कशिश ने दम तोड़ दिया। युवती की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।

एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि पीड़िता की मौत के बाद अब मामले में दर्ज मुकदमे को हत्या की धाराओं में परिवर्तित किया जाएगा। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है और उन्हें कड़ी सजा दिलाने हेतु साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img