Uttar Pradesh : हापुड़ कचहरी परिसर में मध्यस्थता के दौरान पत्नी को धमकी, पति समेत दो पर मुकदमा दर्ज

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के फ्रीगंज रोड स्थित कचहरी परिसर में मध्यस्थता के लिए आई पत्नी को पति ने अपने साथी के साथ मिलकर जान से मारने की धमकी दे दी। न्यायालय के आदेश पर दोनों पक्ष मध्यस्थता के लिए कचहरी पहुंचे थे। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर पति समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जिला गाजियाबाद के राकेश मार्ग निवासी सोनी ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि हापुड़ कचहरी स्थित एक न्यायालय में उसका अपने पति से वाद चल रहा है। सात मई को वह न्यायालय के आदेश पर पति से मध्यस्थता करने के लिए कचहरी परिसर में पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद पति विनय निवासी गांव सिखैड़ा और उसके साथी अनमोल ने मध्यस्थता के लिए आने पर गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर परिसर में आसपास खड़े लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को देखकर आरोपी अपने साथी के साथ वहां से चला गया। घटना के बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि महिला की तहरीर पर विनय और अनमोल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।