Noida Firing: नोएडा में ट्रक चालक पर फायरिंग करने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार, साइड न देने पर चली थी गोली

Noida Firing: नोएडा में ट्रक चालक पर फायरिंग करने वाले दो और आरोपी गिरफ्तार, साइड न देने पर चली थी गोली

नोएडा के जेवर क्षेत्र में ट्रक चालक पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले भी इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस अब सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

जानकारी के मुताबिक यह घटना 21 अप्रैल को जेवर कोतवाली क्षेत्र के दस्तमपुर गांव के पास हुई थी। बताया गया कि सड़क पर साइड न देने को लेकर कार सवार युवकों और ट्रक चालक के बीच विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने ट्रक चालक पर फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि गोली चालक को नहीं लगी और ट्रक की खिड़की में जा लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। ट्रक चालक की शिकायत पर जेवर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि दो अन्य आरोपी फरार चल रहे थे।

पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। काफी प्रयासों और छापेमारी के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सागर निवासी मंगरौली रोड, जेवर और संगीत निवासी गांव थोरा, कस्बा जेवर के रूप में हुई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। नोएडा पुलिस का कहना है कि सड़क पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img