Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के जनता फ्लैट्स जर्जर, 400 परिवारों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के जनता फ्लैट्स जर्जर, 400 परिवारों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर म्यू-1 स्थित जनता फ्लैट्स में रहने वाले करीब 400 परिवार इन दिनों भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं। वर्ष 2010 में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण द्वारा आवंटित इन फ्लैट्स की स्थिति अब इतनी खराब हो चुकी है कि आए दिन इमारतों का प्लास्टर और छज्जे टूटकर नीचे गिर रहे हैं। हाल ही में बारिश के दौरान एक बड़ा छज्जा टूटकर नीचे खड़ी कार और मोटरसाइकिल पर गिर गया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

करीब 16 वर्ष पहले आम लोगों को किफायती आवास उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए गए इन 30 मीटर श्रेणी के जनता फ्लैट्स में आज सैकड़ों परिवार रह रहे हैं। लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी लगाकर यहां घर खरीदे थे, लेकिन समय के साथ इमारतों का रखरखाव नहीं होने के कारण अब उनकी हालत लगातार खराब होती जा रही है। कई भवनों की दीवारों से प्लास्टर उखड़ रहा है और छज्जे कमजोर होकर कभी भी गिरने की स्थिति में पहुंच चुके हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर बारिश के बाद हालात और अधिक खराब हो जाते हैं। कई जगहों पर इमारतों में दरारें दिखाई देने लगी हैं, जबकि प्लास्टर के बड़े-बड़े टुकड़े अचानक नीचे गिर जाते हैं। इसी डर के कारण कई परिवार अपने घरों के बाहर बैठने से भी बचते हैं। लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए घरों के बाहर अस्थायी टीन शेड लगा रखे हैं, ताकि ऊपर से गिरने वाले मलबे से कुछ हद तक बचाव हो सके।

गुरुवार को हुई बारिश के दौरान ब्रह्मदेव शर्मा के फ्लैट का एक बड़ा छज्जा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा। नीचे खड़ी एक कार और मोटरसाइकिल इसकी चपेट में आ गईं, जिससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि उस समय कोई व्यक्ति वहां मौजूद होता तो गंभीर हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद पूरे परिसर में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।

आरडब्ल्यूए के सदस्य गोपाल पाठक ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनके अनुसार अब तक 10 से 12 छज्जे टूटकर गिर चुके हैं और कई वाहनों को नुकसान पहुंच चुका है। इसके बावजूद मरम्मत या भवनों की तकनीकी जांच की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

निवासियों का कहना है कि यदि समय रहते जर्जर इमारतों की मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। आरडब्ल्यूए ने चेतावनी दी है कि यदि प्राधिकरण जल्द कार्रवाई नहीं करता तो सभी निवासी एकजुट होकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का घेराव करेंगे और अपनी सुरक्षा तथा भवनों की मरम्मत की मांग को लेकर आंदोलन करेंगे। लोगों की मांग है कि सभी फ्लैट्स का तत्काल तकनीकी सर्वे कराया जाए और जहां जरूरत हो वहां मरम्मत या पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया जाए, ताकि सैकड़ों परिवारों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img