Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 60 मीटर सड़क बनेगी मॉडल रोड! हरियाली, LED लाइट और लैंडस्केप से बदलेगी तस्वीर
Noida Airport: नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने वाली 60 मीटर सड़क बनेगी मॉडल रोड! हरियाली, LED लाइट और लैंडस्केप से बदलेगी तस्वीर
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने से पहले यमुना प्राधिकरण ने बड़ी तैयारी शुरू कर दी है। यमुना एक्सप्रेसवे के समानांतर बनने वाली 60 मीटर चौड़ी सड़क को अब मॉडल रोड के रूप में विकसित किया जाएगा। यह सड़क ग्रेटर नोएडा को सीधे नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ेगी। सड़क को आधुनिक और आकर्षक बनाने के लिए केंद्रीय सड़क अनुसंधान संस्थान (CRRI) से भी सहयोग लिया जाएगा। प्राधिकरण का लक्ष्य है कि एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को विश्वस्तरीय शहर जैसा अनुभव मिल सके।
जानकारी के मुताबिक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जून महीने में उड़ान सेवाएं शुरू होने की संभावना है। इससे पहले यमुना सिटी को सेक्टरों और एयरपोर्ट से जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क को तेजी से विकसित किया जा रहा है। करीब 40 किलोमीटर लंबी यह सड़क ग्रेटर नोएडा से शुरू होकर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) और गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने से गुजरते हुए यमुना सिटी के प्रमुख सेक्टरों और एयरपोर्ट तक जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार अब तक लगभग 36 किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि करीब चार किलोमीटर हिस्सा तीन गांवों के पास अधूरा है। इस हिस्से के निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं और जल्द काम शुरू होगा। यमुना प्राधिकरण का कहना है कि सड़क को सिर्फ यातायात मार्ग नहीं बल्कि शहर की पहचान के रूप में विकसित किया जाएगा।
सड़क के दोनों किनारों पर हरियाली, खूबसूरत घास, पेड़-पौधे और प्रमुख स्मारकों के मिनिएचर लगाने की योजना बनाई गई है। साथ ही आकर्षक लाइटिंग और आधुनिक डिजाइन के जरिए इसे स्मार्ट रोड का रूप दिया जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि इससे विदेशों से आने वाले यात्रियों और नए निवेशकों पर शहर की सकारात्मक छवि बनेगी।
इस सड़क के बनने से यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव भी काफी कम होगा। वर्तमान में आसपास के गांवों और विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करना पड़ता है, जिससे ट्रैफिक बढ़ता है। कई बार किसानों ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रोक और टोल को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किए हैं। सड़क पूरी होने के बाद स्थानीय लोगों को एयरपोर्ट पहुंचने के लिए एक्सप्रेसवे पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इसी के साथ गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने ग्रीन बेल्ट में 500 मीटर लंबा आकर्षक ग्रीन पार्क भी विकसित किया जा रहा है। यहां बैठने की व्यवस्था, घास के टीले, रंग-बिरंगी रोशनी वाले फव्वारे और सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। उद्यान विभाग ने हरियाली और लैंडस्केपिंग के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों को भी आधुनिक तरीके से सजाने की योजना बनाई गई है।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि 60 मीटर चौड़ी सड़क शहर की प्रमुख सड़क होगी, इसलिए इसे मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके लिए केंद्रीय संस्थानों से तकनीकी सहयोग लिया जा रहा है और परियोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।
