राज्यराज्य

Uttar Pradesh : ई-रजिस्ट्रेशन और फ्रंट ऑफिस व्यवस्था के विरोध में दस्तावेज लेखक संघ का अनिश्चितकालीन धरना जारी, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Hapur : उत्तर प्रदेश सरकार की ई-रजिस्ट्रेशन और फ्रंट ऑफिस व्यवस्था के विरोध में दस्तावेज लेखक संघ का अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को भी जारी रहा। संघ के सदस्यों ने तहसील परिसर से विरोध मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारी तहसील परिसर से नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। वहां अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन के बाद जुलूस दिल्ली-गढ़ रोड से होते हुए तहसील चौराहे पर लौटा। इसके बाद एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें ई-रजिस्ट्रेशन और फ्रंट ऑफिस व्यवस्था को वापस लेने की मांग की गई।

दस्तावेज लेखक संघ का आरोप है कि सरकार की यह नई व्यवस्था अधिवक्ताओं, बैनामा लेखकों और स्टांप विक्रेताओं के अधिकारों का हन कर रही है। उनका कहना है कि इससे वर्षों से इस कार्य से जुड़े लोगों के रोजगार पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और पारंपरिक कार्यप्रणाली बाधित होगी।

संघ के सचिव चौधरी यूसुफ ने बताया कि उनकी विभिन्न मांगों को लेकर 12 जून से तहसील परिसर में अनिश्चितकालीन धरना जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार ई-रजिस्ट्रेशन और फ्रंट ऑफिस व्यवस्था से जुड़े आदेश को वापस नहीं लेती या इस संबंध में कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र विचार नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस धरने और प्रदर्शन में बड़ी संख्या में दस्तावेज लेखक, अधिवक्ता और स्टांप विक्रेता उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से बातचीत कर समस्या का जल्द समाधान निकालने और उनकी आजीविका से जुड़े अधिकारों की रक्षा करने की अपील की। फिलहाल धरना प्रदर्शन जारी है।

Related Articles

Check Also
Close
Back to top button