Bulandshahr Firing: लेन-देन का विवाद बना खूनी संघर्ष, फायरिंग, मारपीट और कार चढ़ाने के आरोप में दो की मौत, तीन घायल

Bulandshahr Firing: लेन-देन का विवाद बना खूनी संघर्ष, फायरिंग, मारपीट और कार चढ़ाने के आरोप में दो की मौत, तीन घायल

रिपोर्ट: अवनीश त्यागी

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में रुपए के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के निजामपुर गांव में दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट, फायरिंग और हिंसक झड़प में बदल गई। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और वरिष्ठ अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिकंदराबाद निवासी उत्तम शर्मा और प्रशांत के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और मारपीट के साथ फायरिंग भी शुरू हो गई। इस दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

घटना में एक पक्ष के अजब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रतन और अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। दोनों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर डॉक्टर लगातार निगरानी रखे हुए हैं।

दूसरे पक्ष के सोनू पुत्र सुनील भी इस हिंसक संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि विवाद के दौरान उन पर तेज रफ्तार कार चढ़ा दी गई, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल सिकंदराबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इसके अलावा सत्यपाल उर्फ सत्ते पुत्र लोकेश भी गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें दनकौर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है।

घटना की सूचना मिलते ही मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भानु भास्कर और डीआईजी कलानिधि नैथानी देर रात घटनास्थल पर पहुंचे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों ने गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने, संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी बढ़ाने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

बुलंदशहर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पैसों के लेन-देन से जुड़े विवाद का प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर रही है और प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति जांच में दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि गांव में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि जांच निष्पक्ष और तथ्यात्मक आधार पर पूरी की जा सके। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img