उत्तर प्रदेश : हापुड़ में भाकियू अराजनैतिक पदादिकारी ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने पेट्रोल की केन छीनी

Hapur News : जनपद के गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र स्थित गढ़ चौपला पर किसानों के प्रदर्शन के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) के पदाधिकारी शरणजीत गुर्जर ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उनके हाथ से पेट्रोल की केन छीन ली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
यह घटना बुधवार को हुई, जब बड़ी संख्या में किसान गन्ना भुगतान में देरी, टोल प्लाजा से संबंधित समस्याओं, सड़कों के निर्माण में लापरवाही और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर गढ़ चौपला पर एकत्र हुए थे। किसान नेताओं का आरोप है कि वे लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन से गुहार लगा रहे थे।
प्रदर्शन के दौरान, भाकियू पदाधिकारी शरणजीत गुर्जर ने अचानक पेट्रोल की केन निकाली और आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उनसे पेट्रोल की केन छीन ली। इस कार्रवाई से स्थिति को नियंत्रित किया जा सका और किसी भी अप्रिय घटना को रोका गया।





