उत्तर प्रदेशराज्य

Noida police class: पुलिस की पाठशाला में एसीपी हेमंत उपाध्याय की चेतावनी: सोशल मीडिया पर अंजान दोस्ती खतरनाक

Noida police class: पुलिस की पाठशाला में एसीपी हेमंत उपाध्याय की चेतावनी: सोशल मीडिया पर अंजान दोस्ती खतरनाक

नोएडा। समाज में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और नागरिकों की सजगता इसमें अहम भूमिका निभाती है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से ईकोटेक एक्सटेंशन-1 डाढ़ा स्थित एचएल इंटरनेशनल स्कूल में ‘पुलिस की पाठशाला’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसीपी लाइन हेमंत उपाध्याय ने छात्रों को साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया।
एसीपी हेमंत उपाध्याय ने कहा कि पुलिस केवल अपराधियों को पकड़ने का काम नहीं करती, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास का माहौल बनाना भी उसकी जिम्मेदारी है। चोरी, सड़क दुर्घटना, अनहोनी, साइबर अपराध या महिला उत्पीड़न जैसी किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से छात्रों को चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से दोस्ती करना, ओटीपी साझा करना, फर्जी लिंक पर क्लिक करना या लालच भरे ऑफर पर भरोसा करना गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है।
उन्होंने कहा कि कई बार छात्र शरारती तत्वों या दबंग प्रवृत्ति के लोगों से घबरा जाते हैं और शिकायत करने से बचते हैं, लेकिन किसी भी गलत बात को चुपचाप सहना उचित नहीं है। यदि स्कूल परिसर या बाहर बदसलूकी, धमकी या उत्पीड़न जैसी कोई घटना हो तो तुरंत शिक्षक, अभिभावक और पुलिस को जानकारी दें। पुलिस हमेशा विद्यार्थियों के साथ खड़ी है।
डिजिटल सतर्कता पर जोर देते हुए एसीपी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की जानकारी तुरंत अभिभावकों और पुलिस को दें। साइबर अपराध की स्थिति में राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल या 1930 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है। महिला संबंधी शिकायतों के लिए 1090 हेल्पलाइन उपलब्ध है।
उन्होंने ट्रैफिक नियमों के पालन की भी अपील की और कहा कि सड़क दुर्घटना के मामलों में ‘गोल्डन ऑवर’ बेहद महत्वपूर्ण होता है। दुर्घटना देखने पर घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाने और पुलिस को सूचना देने से उसकी जान बचाई जा सकती है।
स्कूल के प्रबंधक लेखराज सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कानून के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ाते हैं तथा उनमें आत्मविश्वास विकसित करते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका एसीपी ने विस्तार से जवाब दिया। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक सुनील कुमार, कोऑर्डिनेटर पूजा खंडेलवाल और शिक्षक सुखविंदर सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

Himachal Pradesh: अनुकंपा नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे 202 पात्र आवेदकों को नए वर्ष का तोहफा, मुख्यमंत्री सुक्खू का बड़ा फैसला

Related Articles

Back to top button