LPG Gas Crisis : नोएडा में गैस सिलेंडर की किल्लत बढ़ी, एजेंसियों पर उमड़ी भीड़
नोएडा, 11 मार्च : नोएडा शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से कई इलाकों में किल्लत बढ़ती नजर आ रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि गैस सिलेंडर लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग गैस एजेंसियों के बाहर पहुंच रहे हैं और लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं।
गैस एजेंसियों के बाहर लगी लंबी लाइनें
सेक्टर-24 थाना क्षेत्र के सेक्टर-54 स्थित गैस एजेंसियों के बाहर बुधवार सुबह से ही उपभोक्ताओं की भारी भीड़ देखने को मिली। जैसे ही सिलेंडर की कमी की खबर फैली, लोग समय से पहले ही एजेंसियों पर पहुंचने लगे। कई लोग अपने खाली सिलेंडर लेकर लाइन में खड़े नजर आए। कुछ जगहों पर भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि एजेंसी के बाहर अव्यवस्था जैसी स्थिति बन गई।
भीड़ बढ़ने की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मी एजेंसी के बाहर मौजूद रहकर लोगों को व्यवस्थित तरीके से लाइन में लगवा रहे हैं, ताकि किसी तरह की धक्का-मुक्की या अफरा-तफरी की स्थिति न बने।
सप्लाई कम होने से बढ़ी परेशानी
गैस एजेंसी से जुड़े लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से सिलेंडरों की सप्लाई सामान्य नहीं आ रही है, जिसकी वजह से स्टॉक सीमित हो गया है। सप्लाई कम होने के कारण सभी उपभोक्ताओं को तुरंत सिलेंडर उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है और लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है।
गैस लेने पहुंचे कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्हें डर है कि यदि समय पर सिलेंडर नहीं मिला तो घरों में खाना बनाने में परेशानी हो सकती है। इसी कारण लोग पहले से ही एजेंसियों पर पहुंचकर सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रशासन ने घबराने से किया मना
उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि जल्द ही सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है। वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि यह स्थिति अस्थायी है और सप्लाई लाइन सामान्य होते ही सिलेंडरों की उपलब्धता भी बढ़ जाएगी।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और एक साथ एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं। अधिकारियों का कहना है कि शहर में गैस वितरण व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही स्थिति सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।


