Noida: गाय के हमले से बुजुर्ग की मौत, भतीजा गंभीर रूप से घायल

Noida: गाय के हमले से बुजुर्ग की मौत, भतीजा गंभीर रूप से घायल
नोएडा। जेवर कोतवाली क्षेत्र के थोरा गांव में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में खेतों से गाय भगाने गए बुजुर्ग की जान चली गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंचे भतीजे पर भी गाय ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार थोरा गांव निवासी कृपाल सिंह पुत्र घनश्याम उम्र करीब 60 वर्ष के खेतों में एक गाय लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रही थी। खेतों में हो रहे नुकसान को देखकर कृपाल सिंह गाय को बाहर निकालने पहुंचे, तभी गाय अचानक उग्र हो गई और उन पर हमला कर दिया। हमले में कृपाल सिंह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
कृपाल सिंह को घायल अवस्था में देख उनके भतीजे राजेंद्र पुत्र सुभाष उन्हें बचाने के लिए खेतों की ओर दौड़े, लेकिन गाय ने उन पर भी हमला बोल दिया। गाय के हमले में राजेंद्र को भी गंभीर चोटें आईं। दोनों को घायल देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह गाय के चंगुल से चाचा-भतीजे को छुड़ाया।
ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जेवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने कृपाल सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं राजेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीणों की शिकायत पर यमुना प्राधिकरण की टीम गांव पहुंची। टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से उग्र हो चुकी गाय को पकड़ने का प्रयास किया। घेराबंदी के दौरान गाय की भी मौत हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि गाय अचानक इतनी खूंखार क्यों हो गई, इसकी जांच होनी चाहिए और यह पता लगाया जाना चाहिए कि कहीं वह किसी बीमारी से ग्रसित तो नहीं थी।
पुलिस ने मृतक कृपाल सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों में आवारा पशुओं को लेकर गहरी चिंता देखने को मिल रही है।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ





