Noida Crime: नकली नोटों की गड्डी से गहने ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Noida Crime: नकली नोटों की गड्डी से गहने ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
नोएडा में महिलाओं को निशाना बनाकर नकली नोटों की गड्डी दिखाकर ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। थाना फेज-2 पुलिस ने भंगेल गांव के पास से इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जो क्षेत्र में एक और वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। आरोपियों के कब्जे से नकली नोटों की दो गड्डियां और 2500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
डीसीपी शैव्या गोयल के अनुसार, पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी, तभी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि दो संदिग्ध युवक नोटों की गड्डी लेकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं और मदद मांगने के बहाने बातचीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां दोनों युवक संदिग्ध हालत में नजर आए। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली के प्रेम नगर निवासी विशाल उर्फ नन्हे और गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के सभापुर गांव निवासी करन सोलंकी के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे कागज की गड्डी के ऊपर और नीचे 500-500 रुपये के असली नोट लगाकर नकली गड्डी तैयार करते थे, जो देखने में पूरी तरह असली लगती थी।
आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे बाजार, मंदिर और सार्वजनिक स्थानों पर घूमते थे और खासतौर पर अकेली या बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे पहले मदद मांगने के बहाने बातचीत शुरू करते और फिर नोटों की गड्डी दिखाकर लालच देते। इसके बाद चालाकी से महिलाओं को भरोसे में लेकर उनके गहने उतरवा लेते और मौके से फरार हो जाते थे।
ठगी के बाद आरोपी गहनों को स्थानीय ज्वैलर्स या अन्य लोगों को बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कभी-कभी फकीर या साधु का भेष धारण कर लोगों को धोखा देते थे, जिससे लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था। 15 जनवरी 2026 को सेक्टर-58 में एक बुजुर्ग महिला से करीब 2 लाख रुपये के गहने ठगे गए थे। इसके अलावा 28 नवंबर 2025 को कासना, 10 अगस्त 2025 को इंदिरापुरम और 22 मार्च 2025 को दिल्ली के रोहिणी में भी इसी तरह की वारदातें सामने आ चुकी हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है और उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और लालच से बचें। खासतौर पर बुजुर्गों को सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी गई है, ताकि ऐसे गिरोहों पर लगाम लगाई जा सके।
Realme GT 6 भारत में लॉन्च होने की पुष्टि। अपेक्षित स्पेक्स, फीचर्स, और भी बहुत कुछ




