Noida Crime: वाहन चोरी गैंग का शातिर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी और उपकरण बरामद

Noida Crime: वाहन चोरी गैंग का शातिर गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी और उपकरण बरामद

नोएडा के सेक्टर-58 थाना पुलिस ने वाहन चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़े गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की स्कूटी, 20 हजार रुपये नकद और वाहन चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए हैं। इस गैंग के अन्य दो सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार देर रात करीब 10:30 बजे टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सेक्टर-57 के अग्रवाल तिराहे के पास एक स्कूटी सवार युवक संदिग्ध हालत में जुबिलेंट पार्क के पास खड़ा नजर आया। पुलिस ने जब उसे पकड़ने की कोशिश की, तो वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर टीम ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बुलंदशहर जिले के सलेमपुर गांव निवासी राहुल उर्फ अतुल उर्फ मोनू के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बादलपुर थाना क्षेत्र के छपरौला गांव में रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास मिली स्कूटी चोरी की है, जिसे उसने गाजियाबाद के कौशांबी थाना क्षेत्र से कुछ महीने पहले चुराया था। इस संबंध में पहले से ही मामला दर्ज था।

स्कूटी की तलाशी लेने पर पुलिस को डिग्गी से तीन अलग-अलग वाहनों की नंबर प्लेट, एक चाबी, दो बोल्ट खोलने वाली चाबियां, दो पेचकस, एक प्लास और रुमाल में बंधे 20 हजार रुपये बरामद हुए। इन उपकरणों का इस्तेमाल आरोपी वाहन चोरी के दौरान करता था।

सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने खुलासा किया कि वह पिकअप और बड़ी गाड़ियों की चोरी करता था। चोरी के बाद वाहनों को राजस्थान के भरतपुर निवासी आरिफ को बेच दिया जाता था, जो आगे अजहर नाम के व्यक्ति के जरिए इन वाहनों को दूसरे स्थानों पर खपाता था। चोरी के दौरान वाहन की पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट हटा दी जाती थी।

आरोपी ने यह भी कबूल किया कि उसने हाल ही में सेक्टर-62, सेक्टर-59 और सेक्टर-57 से आयशर कैंटर चोरी किए थे, जबकि सेक्टर-22 से एक पिकअप वाहन भी चोरी किया गया था। चोरी के दौरान आरोपी वाहन का लॉक तोड़ते थे और सेल्फ वायर जोड़कर गाड़ी स्टार्ट कर फरार हो जाते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद और गौतमबुद्धनगर में कुल 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके फरार साथियों की तलाश कर रही है और गैंग के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img