Noida Farmers Protest: एनपीसीएल के खिलाफ 20 अप्रैल को किसान करेंगे आंदोलन, अनियमितताओं का आरोप
नोएडा में बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं और कथित अनियमितताओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने बड़ा ऐलान किया है। संगठन ने 20 अप्रैल को आंदोलन करने की घोषणा की है। इसको लेकर पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा और अपनी मांगों को लेकर नाराजगी जताई।
यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं महासचिव विपिन खारी ने आरोप लगाया कि नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड (NPCL) उपभोक्ताओं के साथ मनमानी कर रही है और नए बिजली कनेक्शन के नाम पर भारी रकम वसूली जा रही है। उनका कहना है कि कनेक्शन देने के लिए 25 हजार रुपये तक लिए जाते हैं और दूरी बढ़ने पर अतिरिक्त शुल्क भी लगाया जाता है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चौधरी शौकत अली चेची ने कंपनी पर तानाशाही रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि एनपीसीएल उपभोक्ताओं का शोषण कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बिजली यूनिट चार्ज को अलग-अलग जोन में बांटकर उपभोक्ताओं से कई गुना ज्यादा राशि वसूली जा रही है, जिससे लोग परेशान हैं।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव ने कहा कि लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं को लेकर अब किसान और उपभोक्ता आंदोलन के लिए मजबूर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि 20 अप्रैल को नॉलेज पार्क स्थित एनपीसीएल कार्यालय पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान और स्थानीय लोग शामिल होंगे।
यूनियन का कहना है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन पर भी इस मामले को गंभीरता से लेकर समाधान निकालने का दबाव बढ़ता जा रहा है।
