Faridabad Crime: फरीदाबाद में फायरिंग मामले में हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad Crime: फरीदाबाद में फायरिंग मामले में हथियार सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: संदीप चौहान

फरीदाबाद पुलिस ने फायरिंग के एक पुराने मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जसबीर निवासी डबुआ कॉलोनी फरीदाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी जसबीर ने वर्ष 2024 में हत्या के प्रयास के मामले में मुख्य आरोपी को अवैध हथियार सप्लाई किया था। इस कार्रवाई से पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि अवैध हथियार रखने और उपलब्ध कराने वालों के खिलाफ उसकी मुहिम लगातार जारी है।

घटना 26 नवंबर 2024 की रात की है, जब सेक्टर 28 में एक व्यक्ति पर गोली चलाकर हत्या का प्रयास किया गया था। शिकायतकर्ता रिंकू, निवासी तिरखा कॉलोनी बल्लभगढ़ ने थाना सेक्टर 31 में दी अपनी रिपोर्ट में बताया था कि वह अपने दोस्त मनोज के साथ सेक्टर 28 में एक मकान के गेट पर खड़ा था। तभी एक तेज रफ्तार कार ने एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मार दी। जब वह घायल बाइक सवार को उठाने गया तो कार सवार पुनित से उसकी कहासुनी हो गई। उसी दौरान पुनित ने उस पर फायरिंग कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
क्राइम ब्रांच सेक्टर 30 की टीम ने जांच के दौरान पता लगाया कि आरोपी पुनित को अवैध पिस्टल जसबीर ने 40,000 रुपये में उपलब्ध कराई थी। पुलिस ने तकनीकी व मानवीय सूचना के आधार पर 2 नवंबर को जसबीर को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध कबूल किया और बताया कि उसने पुनित को एक पिस्टल और पांच राउंड गोला-बारूद दिए थे। इस मामले में पुनित और सुरजीत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपी जसबीर को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि उससे और जानकारी हासिल की जा सके। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जसबीर पर पूर्व में भी शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने पहले किन लोगों को अवैध हथियार उपलब्ध कराए हैं। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध हथियारों के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

 

 

 

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img