Noida Cannabis Trafficking Bust: नोएडा गांजा तस्करी में बड़ा खुलासा, 5 तस्कर गिरफ्तार, 9.9 किलो गांजा बरामद

Noida Cannabis Trafficking Bust: नोएडा गांजा तस्करी में बड़ा खुलासा, 5 तस्कर गिरफ्तार, 9.9 किलो गांजा बरामद
रिपोर्ट: अमर सैनी
नोएडा के थाना इकोटेक-3 क्षेत्र में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए तीन पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर CISF कैंप यू-टर्न के पास की गई। गिरफ्तार आरोपियों में सत्यशरण मेवाराम (35 वर्ष), निवासी शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), सुमित मेवाराम (19 वर्ष) और अभिषेक मुन्ना राम (19 वर्ष), दोनों मूल रूप से हमीरपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। इनके साथ लाली (27 वर्ष), निवासी फिरोजाबाद और कश्मीरा (23 वर्ष), निवासी बदायूं को भी पकड़ा गया है। सभी आरोपी बीते छह वर्षों से गुलिस्तानपुर क्षेत्र में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 9 किलो 900 ग्राम गांजा और बिक्री से प्राप्त 2 लाख 90 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा गांजा पैकिंग में प्रयुक्त सामग्री भी मिली है। इस मामले में थाना इकोटेक-3 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया में भेज दिया गया है। डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि यह कार्रवाई जिले में नशे के खिलाफ सतत अभियान का हिस्सा है और ऐसे तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।





