क्रांतिकारी वीरों व प्रधानमंत्री के सपनों के भारत में होगा हरियाणा का नव-निर्माण: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

क्रांतिकारी वीरों व प्रधानमंत्री के सपनों के भारत में होगा हरियाणा का नव-निर्माण: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

 

2.80 करोड़ हरियाणवी के विश्वास पर प्रदेश को आगे बढ़ाएगी भाजपा सरकार

 

संकल्प पत्र के वादों को हूबहू धरातल पर पूरा करेगी राज्य सरकार – मुख्यमंत्री

रिपोर्ट : कोमल रमोला

चंडीगढ़, 1 नवंबर – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि क्रांतिकारी वीरों के सपनों का भारत बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए हम सब मिलकर हरियाणा का नव-निर्माण करेंगे। प्रदेश के 2.80 करोड़ हरियाणवी को बिना भेदभाव विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए विधानसभा चुनाव से पहले जारी किए गए संकल्प पत्र को राज्य सरकार द्वारा हूबहू धरातल पर उतारा जाएगा।

 

मुख्यमंत्री आज जिला सोनीपत के गोहाना में आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने उपस्थितजनों व प्रदेशवासियों को भगवान विश्वकर्मा जयंती, हरियाणा दिवस, दीपावली, भैया दूज व गोपाष्टमी की शुभकामनाएं दी।

 

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में लगातार तीसरी बार बनी भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 2.80 करोड़ नागरिकों की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने के लिए तेजी से काम करेगी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को संकल्प पत्र के अनुरूप योजनाओं को गति देने के निर्देश दिए जा चुके हैं। विकास के विभिन्न पड़ाव पार करते हुए आज हरियाणा 58 साल का हो चुका है। इसके लिए सभी वर्ग बधाई के पात्र हैं।

 

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कार्यकर्ताओं और मतदाताओं ने भाजपा पर अपने विश्वास को मजबूत करते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री व पूर्व में साढ़े नौ साल रहे मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा बनाई गई मजबूत व्यवस्था पर आगे बढ़ते हुए हमारी डबल इंजन की सरकार तीव्र गति से अपना काम करेगी।

 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा बेरोजगारी को लेकर जो भ्रामक प्रचार चुनाव के दौरान किया गया था और उनके नेताओं द्वारा हजारों युवाओं के भर्ती परिणाम रोकने का जो प्रयास किया गया, उससे उनकी युवा विरोधी मानसिकता जनता-जनार्दन के सामने आ गई। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने आम आदमी को यह अहसास दिलाने का काम किया कि बिना पर्ची-बिना खर्ची के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को भाजपा ही सुरक्षित कर सकती है और जनता विशेषकर युवाओं ने साथ देकर हमारी सरकार पर भरोसा जताया है।

 

सरकार बनते ही जन कल्याण के निर्णय लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नॉन स्टॉप रफ्तार का नजारा पेश किया- मोहन लाल बड़ौली

 

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार विधानसभा में जारी किए गए संकल्प पत्र को लक्ष्य मानकर पूरा करेगी। मुख्यमंत्री ने सरकार बनते ही 24 हजार युवाओं को पक्की नौकरी, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को लागू करते हुए डीएससी समाज को आरक्षण व अस्पतालों में डायलिसिस निःशुल्क उपलब्ध करवाने के निर्णय लेकर सरकार की नॉन स्टॉप रफ्तार का नजारा पेश कर दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की नीतियों को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नए हरियाणा का निर्माण करेंगे।

 

प्रधानमंत्री ने भगवान विश्वकर्मा के नाम से योजनाएं चलाकर युवा वर्ग को आत्मनिर्भर बनने के लिए दिया अनुकूल माहौल – डॉ अरविंद शर्मा

 

सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भगवान विश्वकर्मा के नाम से योजनाएं चलाकर युवा वर्ग को आत्मनिर्भर बनने के लिए अनुकूल माहौल दिया है। गरीब की भलाई से लेकर फसलों पर एमएसपी देने के निर्णय से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी लोगों के दिलों में जगह बनाने में सफल रहे हैं। आज प्रदेश की 36 बिरादरी का भरोसा प्रदेश सरकार पर बना है।

 

इस अवसर पर विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ कृष्ण मिड्डा सहित अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img